हिन्दी ओलंपियाड में सूर्यांश को 100 में 100, इंटरनेशनल रैंक-1
भास्कर न्यूज | पटना पटना नवापारा निवासी सेंट जोसेफ स्कूल, बैकुंठपुर के कक्षा 10वीं के छात्र सूर्यांश पाण्डेय ने सिल्वरज़ोन ओलंपियाड फाउंडेशन की अखिल भारतीय हिंदी ओलंपियाड में 100 में से 100 अंक हासिल किए। उन्हें इंटरनेशनल रैंक-1 मिली। प्रतियोगिता में कई देशों के हजारों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में पहला स्थान बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सूर्यांश ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक भी हासिल किए। विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक अध्ययन समेत अलग-अलग ओलंपियाड में उन्होंने कुल 8 पदक जीते हैं। पढ़ाई के साथ संगीत में भी उनकी रुचि है। सुर और ताल की समझ से उनकी अलग पहचान बन रही है। सेंट जोसेफ स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने सूर्यांश का सम्मान किया। उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रबंधन ने इसे मेहनत, अनुशासन, लगातार अभ्यास का नतीजा बताया। सूर्यांश ने सफलता का श्रेय मां प्रियंका पाण्डेय, पिता अमरेश पाण्डेय, शिक्षकों के मार्गदर्शन, अपने सतत परिश्रम को दिया। क्षेत्रवासियों ने भी बधाई दी।









