रायपुर में कारोबारी ने बीवी-बच्चों को दी ‘मीठी मौत’? आर्थिक तंगी या कुछ और वजह
रायपुर में बैटरी कारोबारी के परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत का रहस्य अब भी बरकरार है। अभी तक कारोबारी पर ही बीवी-बच्चों को देकर कर मारने और फिर खुदकुशी करने का शक है। घटना वाली रात साजिद रसगुल्ले और पेड़े खरीदकर लाया था।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के संजय नगर स्थित एक मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बैटरी कारोबारी साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाया, जिसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम की डिटेल रिपोर्ट मिलने और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में सामने आया है कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे साजिद अली कुछ देर के लिए कमरे से बाहर निकला था। वह वॉशरूम जाने के बाद दोबारा घर के भीतर चला गया और इसके बाद बाहर नहीं निकला। जांच एजेंसियों का अनुमान है कि परिवार के 4 सदस्यों को रात में जहरीला पदार्थ देने के बाद उसने शुक्रवार सुबह खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।
पत्नी ने फंक्शन में जाने को सिलवाए थे नए कपड़े
जांच में यह भी सामने आया है कि गुरुवार दोपहर उसकी पत्नी राबिया बानो मोहल्ले के एक दर्जी के यहां कपड़ों का नाप देने गई थी और रविवार तक कपड़े तैयार करने के लिए कहा था, क्योंकि परिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होना था। वहीं दोनों बेटियां शाम के समय किरायेदार के घर गई थीं और बाद में वापस लौट आई थीं। पुलिस के मुताबिक, परिवार के अन्य सदस्यों के व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नहीं दिखी, जबकि साजिद अली पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में बताया जा रहा है।
नशे का आदी था साजिद
पुलिस जांच के अनुसार, साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। शुरुआत में वह ठेला लगाकर काम करता था और बाद में बैटरी व्यवसाय शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक दबाव में रह रहा था। उसके स्वभाव में चिड़चिड़ापन बढ़ गया था और वह परिवार के सदस्यों पर अक्सर गुस्सा करता था।
कर्ज की रकम वसूलने घर आते थे लोग
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि साजिद पिछले लगभग 15 वर्षों से अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था। भिलाई स्थित ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बेहद सीमित था। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि कुछ लोग उससे उधार की रकम मांगने उसके घर आते थे। ऐसे में आर्थिक तंगी, कर्ज और संभावित वित्तीय विवादों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं उसका पैसा किसी ऑनलाइन गतिविधि, निवेश या अन्य विवाद में तो नहीं फंसा था, जिससे वह मानसिक दबाव में आ गया हो।
बाजार से रसगुल्ले और पेड़ा लाया था साजिद
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को घर से फिनाइल का एक डिब्बा मिला है, जबकि कोई कीटनाशक अथवा अन्य जहरीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाली रात घर में आलू की सब्जी और चावल बने थे। इसके अलावा साजिद बाजार से रसगुल्ले और पेड़ा लेकर आया था। पुलिस को आशंका है कि जहरीला पदार्थ इन्हीं मिठाइयों में मिलाया गया हो सकता है। भोजन, मिठाई और विसरा के नमूनों को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने कहा है कि वैज्ञानिक जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
<










