सूरजपुर में चलते ट्रक पर गिरा पेड़, ड्राइवर गंभीर घायल: हाईवे-43 पर हादसा, केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त, मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया – Surajpur News
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर स्थित सिलफिली के पास मंगलवार (21) को एक बड़ा हादसा हो गया। अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रहे एक नए ट्रक के ऊपर अचानक सड़क किनारे खड़ा पेड़ टूटकर गिर पड़ा। पेड़ सीधे ट्रक के केबिन पर गिरने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सामान्य गति से हाईवे पर चल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक टूटकर सीधे ट्रक के केबिन पर आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को बचने का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला। घायल चालक मेडिकल कॉलेज रेफर घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। कुछ देर प्रभावित रहा यातायात पेड़ गिरने से ट्रक का केबिन और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाकर मार्ग को फिर से चालू कराया। पुलिस कर रही जांच जांच में हादसे का कारण पेड़ का अचानक टूटकर गिरना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि ट्रक के आसपास उस समय कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
<











