विज्ञापन दें / सहयोग करें

बेमेतरा में बारिश बनी आफत, खेतों से अस्पताल तक पानी-पानी: नदी-नाले उफान पर, कई मार्ग बंद, जिला अस्पताल के डायलिसिस सेंटर की टपक रही छत – Bemetara News



बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। नदी-नाले उफान पर हैं, कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जबकि ग्रामीण इलाकों में खेतों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश का असर खेती-किसानी से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन तक साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, जिला अस्पताल की छत से पानी टपकने लगा। जिसके चलते टपकते पानी को रोकने के लिए वार्ड में बाल्टियां और टब रखने पड़े। मरीजों का इलाज उसी माहौल में जारी रहा। खेतों में भरा पानी, किसानों की बढ़ी चिंता शुरुआती मानसून की बारिश से किसानों में उत्साह था, लेकिन लगातार हो रही बारिश अब परेशानी का कारण बन गई है। कई खेतों में जरूरत से ज्यादा पानी भर जाने से बुवाई का काम रुक गया है। किसानों का कहना है कि अधिक जलभराव के कारण बीज बोने और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिन खेतों में पानी नियंत्रित है, वहां धान रोपाई की तैयारी चल रही है, जबकि अधिकांश किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। नदी-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा लगातार बारिश के कारण खाती, सौरी, सैगोना सहित कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं। बेमेतरा और साजा विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित घोटमर्रा-रौद्रा मार्ग पर डोटू नाला उफान पर होने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। इससे स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीण लंबे समय से यहां उच्चस्तरीय पुल बनाने या रपटा ऊंचा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जिला अस्पताल के डायलिसिस सेंटर की छत टपकी लगातार बारिश का असर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी दिखाई दिया। डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने लगा, जिसके चलते टपकते पानी को रोकने के लिए वार्ड में बाल्टियां और टब रखने पड़े। मरीजों का इलाज उसी माहौल में जारी रहा। नई बिल्डिंग होने के बावजूद छत से पानी रिसने पर निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 30 से ज्यादा परिवार जलभराव से प्रभावित केशडबरी के वार्ड क्रमांक 3 और 4 में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। पिछले तीन दिनों की बारिश के बाद करीब 30 से अधिक परिवार प्रभावित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बरसाती पानी की निकासी का रास्ता निजी जमीन पर मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है, जिससे पानी घरों तक पहुंच रहा है। कई कच्चे मकानों को नुकसान का खतरा है और गंदे पानी के कारण सांप-बिच्छू निकलने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थायी समाधान की मांग ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जलनिकासी और पुल निर्माण जैसी समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, बंद नालों को खुलवाने और जलमग्न मार्गों का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button