जिला अस्पताल में पहुंची सिकलसेल की दवा, मरीजों को इलाज में होगी आसानी – janjgir champa News
भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला अस्पताल में सिकलसेल रोग से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से आवश्यक दवा हाइड्रॉक्सीयूरिया की कमी से जूझ रहे मरीजों को अब नियमित इलाज मिल सकेगा। मरीजों की परेशानी को प्रमुखता से उठाते हुए 12 जून को दैनिक भास्कर में समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर के प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और करीब एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में दवा की आपूर्ति कर दी गई। दवा उपलब्ध नहीं होने के कारण सिकलसेल मरीजों को इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई मरीज मजबूरी में निजी मेडिकल स्टोर से महंगी दवाएं खरीद रहे थे, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था। मामले के सामने आने के बाद अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की। दवा पहुंचने के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत जताई है। उनका कहना है कि अब उन्हें दवा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और नियमित उपचार जारी रख सकेंगे। सिकलसेल एक गंभीर आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें मरीजों को लगातार दवा और चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता होती है। हाइड्रॉक्सीयूरिया इस बीमारी के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विशेषज्ञों के अनुसार दवा की अनुपलब्धता से मरीजों की स्थिति गंभीर हो सकती है और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ सकती हैं। मरीजों और सामाजिक संगठनों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि भविष्य में सिकलसेल सहित अन्य जरूरी दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
<











