कोचिंग सेंटरों में क्षमता से ज्यादा छात्र,फायर सेफ्टी में खामियां: एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ में ओवरक्राउडिंग; RCC और अकादजा को एक हफ्ते में कमियां दूर करने का नोटिस – Raipur News
नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और लिफ्ट सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में क्षमता से अधिक छात्रों के बैठने, वेंटिलेशन और फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियां सामने आईं। नगर निगम की संयुक्त टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ में क्षमता से ज्यादा छात्र निरीक्षण के दौरान एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की स्थिति पाई गई। इसके अलावा वेंटिलेशन व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। हालांकि अन्य सुरक्षा मानक सामान्य रूप से संतोषजनक पाए गए। RCC और अकादजा में फायर सेफ्टी पर सवाल जांच में आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन, प्रवेश-निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों में कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी खामियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस जारी, कार्रवाई की चेतावनी नगर निगम ने संबंधित जोनों को नियमानुसार नोटिस जारी करने और अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। संस्थानों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि तय समय में कमियां दूर नहीं की गईं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान यह निरीक्षण जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान शासन के सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा के लिए चलाया गया। निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंता और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
<











