विज्ञापन दें / सहयोग करें

बस्तर के बाद दुर्ग में चलेगा IED फ्री विलेज अभियान: विजय शर्मा बोले- इससे संवेदनशील इलाके होंगे सुरक्षित, बंगाल चुनाव पर कहा- बदलाव जरूरी था – durg-bhilai News

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दुर्ग के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक, संगठनात्मक और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बात की।

.

पत्रकारों ने जब विजय शर्मा से पूछा कि क्या उन्हें दिल्ली से संगठन में कोई खास जिम्मेदारी मिलने वाली है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने खुद को भाजपा का एक कार्यकर्ता बताया और कहा कि पार्टी का संगठन जो भी फैसला करेगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।

राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं में विजय शर्मा का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उनके इस बयान से नई अटकलें तेज हो गई हैं।

बंगाल की जीत कार्यकर्ताओं और जनता की जीत

पश्चिम बंगाल में भाजपा की भूमिका और वहां मिली सफलता को लेकर शर्मा ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ताओं और बंगाल की जनता की जीत है। उन्होंने जोर दिया कि बंगाल में परिवर्तन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी और जनता बदलाव चाहती थी, जिसके अनुरूप ही मतदान हुआ।

शर्मा ने आगे कहा कि यदि भाजपा मजबूत नहीं होती, तो बंगाल की स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती थी।

अब दुर्ग संभाग में चलेगा IED Free Village अभियान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय शर्मा ने सुरक्षा को लेकर एक अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस्तर में चल रहा “IED Free Village” अभियान अब दुर्ग संभाग के दूर-दराज के इलाकों में भी शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, साल्हेवारा और खैरागढ़ जैसे संवेदनशील इलाकों के गांवों में चलाया जाएगा। इसका मकसद इन गांवों को नक्सली गतिविधियों और विस्फोटक खतरे से पूरी तरह सुरक्षित बनाना है।

गृहमंत्री ने बताया कि बस्तर में इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब इसी सफल मॉडल को अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।

बांग्लादेशी घुसपैठ और सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर भी विजय शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी और उसी के अनुरूप बीएसएफ को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई गई है, ताकि सीमा पर सुरक्षा ढांचा और मजबूत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ में भी ऐसे लोगों की पहचान का अभियान चल रहा है।

50 संदिग्धों की पहचान, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

विजय शर्मा ने बताया कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की जा रही है। पहले चरण में करीब 50 लोगों को चिन्हित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार डिपोर्टेशन की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और केंद्र तथा राज्य सरकार समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

मोदी सरकार के 12 साल पर जताया आभार

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश के निर्माण, संस्कार, स्वाभिमान और सुरक्षा के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्रियों में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है और देश ने उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, महापौर अलका बाघमार सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button