सरकारी जमीन पर चर्च निर्माण का विरोध, तोड़ा गया निर्माण: कोरिया में कराया जा रहा था निर्माण, भाजपाईयों और स्थानीय लोगों ने तोड़ा – Ambikapur (Surguja) News
कोरिया जिले के सोनहत पंचायत के धुमाडांड में शासकीय भूमि पर अवैध चर्च निर्माण का आरोप लगाते हुए निर्माण को तोड़ दिया गया है। चर्च निर्माण की सूचना पर जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कराए जा रहे निर्माण को ढहा दिया गया। मामले की सूचना सोनहत तहसीलदार को दी गई है। मामले में फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई है। जानकारी के मुताबिक, सोनहत पंचायत के धुमाडांड में शासकीय भूमि पर निर्माण कार्य रूपेंद्र काशी और उनके सहयोगियों द्वारा कराया जा रहा था। हसदेव नदी के पुल के पास तेंदुपत्ता गोदाम के बगल में शासकीय भूमि पर पिछले दो दिनों से अवैध रूप से चर्च का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। यह जानकारी हिंदू संगठनों सहित ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने शनिवार सुबह सोनहत हसीलदार को इसकी जानकारी दी। तहसीलदार ने पुलिस को कार्य बंद कराने का मौखिक आदेश दिया। सूचना पर सोनहत ग्राम पंचायत के उप सरपंच राजेश कुमार गुप्ता, सलगांव कला के उप सरपंच आशीष जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, राकेश तिवारी, दिनेश मारिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य को बंद करा दिया। शासकीय भूमि पर निर्माण अवैध, तोड़ा गया
जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से निर्माण को लेकर पूछताछ की। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह शासकीय भूमि है और यहां चर्च का निर्माण वे नहीं होने देंगे। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने खुद ईट को लात हाथ से गिराना शुरू कर दिया। बाद में बुलडोजर से पूरा अवैध निर्माण को गिराकर खाली करा लिया गया। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मनोज साहू ने कहा कि यह निर्माण कार्य पूरी तरह से अवैध है और शासकीय जमीन पर कब्जा कर किया जा रहा था। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से इस निर्माण को रोकने का निर्णय लिया और खड़े किए गए ढांचे को ध्वस्त कर दिया है। धर्मांतरण कराने का आरोप
जिन लोगों द्वारा निर्माण किया जा रहा था वे ईसाई धर्म से जुड़े हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत की जाएगी और धर्मांतरण में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
मौके पर प्रशासनिक टीम भी पहुंची। फिलहाल निर्माण कराने वालों ने निर्माण तोड़ने का विरोध नहीं किया। उन्हें हिदायत दी गई है कि यहां वे निर्माण न कराएं।
<











