ओडिशा से दुर्ग लाकर गांजा की कर रहे थे सप्लाई: कार के चारों दरवाजों में गुप्त चेंबर बनाकर छिपाया था गांजा, 14.5 किलो गांजा बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार – durg-bhilai News
दुर्ग पुलिस ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 14.5 किलो गांजा बरामद किया। तस्करों ने गांजे को कार के चारों दरवाजों के अंदर बने गुप्त चेंबर में छिपा रखा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक क्रेटा कार में गांजा लेकर कुछ लोग महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना कुम्हारी और एसीसीयू-क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर जांच शुरू की। वाहन चेकिंग के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908 को रोका गया। शुरुआती जांच में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस को शक हुआ। इसके बाद टीम ने कार की बारीकी से तलाशी ली। जांच में पता चला कि तस्करों ने कार के चारों दरवाजों के अंदर खाली जगह को विशेष रूप से गुप्त चेंबर के रूप में तैयार किया था। इन चेंबरों में गांजा भरकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, जिससे सामान्य जांच में कुछ दिखाई नहीं देता था। पुलिस ने दरवाजों को खोलकर जांच की तो उनमें छिपाकर रखा गया 14.5 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 7.25 लाख रुपए बताई गई है। कुम्हारी में ही देनी थी गांजा की डिलिवरी
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पूछताछ में वाहन सवार आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36) निवासी अचलपुर, पोस्ट तूक्ला, थाना राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) और किशन जगत (35) निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल इलाके से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बेचने के लिए ला रहे थे। आरोपी ओडिशा से कुम्हारी में ही गांजा की सप्लाई करने पहुंचा था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 17 लाख से ज्यादा का माल जब्त
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से इसी तरह वाहन में गुप्त स्थान बनाकर गांजा छिपाते थे। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे पहले भी इस तरह गांजे की तस्करी कर चुके हैं। पुलिस अब उनके नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलो गांजा, क्रेटा कार, 22 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17.77 लाख रुपए बताई गई है।
<











