सरगुजा कलेक्टर ने जमीन खरीद-ब्रिकी पर लगाई रोक: भिट्टीकला में 24 डिसमिल की जगह पूरी जमीन की कराई रजिस्ट्री, जांच के दिए आदेश – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने ग्राम भिट्टीकला में करोड़ों रुपए की जमीन फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने के मामले में जमीन की खरीद बिक्री पर रोक लगा दी है। फर्जी तरीके से रजिस्ट्री की एक सप्ताह में जांच करने और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं। जिला पंजीयक ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का भी प्रयास किया। अंबिकापुर ब्लॉक के भिट्ठीकला निवासी सावित्री यादव ने ग्रामीणों के साथ सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे 24 डिसमिल जमीन का सौदा कर दलालों ने रायपुर निवासी पुष्प अग्रवाल पति अनिल अग्रवाल के नाम पर 3.17 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करा दी है। फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने की जानकारी उन्हें नामांतरण के बाद मिली। शिकायत में कहा गया है कि खरीदार पुष्पा अग्रवाल, सागर विश्वकर्मा, डोमन राजवाड़े, जीतन विश्वकर्मा, आशीष उर्फ बाबा ने धोखाधड़ी कर पूरी जमीन की रजिस्ट्री करा ली है। कलेक्टर ने खरीद-ब्रिकी पर लगाई रोक शिकायत के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने भिट्ठीकला की भूमि खसरा क्रमांक 782, 783 और 790 रकबा कुल 1.271 एकड़ के खरीद-ब्रिकी पर आगामी आदेश तक के लिए रोक लगा दी है। कलेक्टर ने मामले में अंबिकापुर एसडीएम को 7 दिन में जांच पूरी कर प्रतिवेदन पेश करने के निर्देश दिए हैं। अंबिकापुर तहसीलदार को भी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। फर्जी चौहद्दी बनाकर कराई रजिस्ट्री इस मामले में शुरुआती जांच में पाया गया है कि पटवारी ने 24 डिसमिल जमीन की चौहद्दी बिक्री के लिए बनाई थी। यह चौहद्दी रजिस्ट्री दस्तावेज में नहीं लगाई गई है। जमीन दलालों ने सावित्री देवी के फर्जी हस्ताक्षर से नई चौहद्दी बना ली, जिसमें पूरी जमीन की बिक्री के लिए तैयार किया गया है। उस फर्जी चौहद्दी में सावित्री यादव का हस्ताक्षर भी वास्तविक हस्ताक्षर से अलग है। मामले में सीधे तौर पर उप पंजीयक और दस्तावेज लेखक की भी मिलीभगत है। उप पंजीयक ने विक्रेता से यह तक नहीं पूछा कि कितने जमीन की रजिस्ट्री वह कर रही है। जिला पंजीयक ने की समझौते की कोशिश इस मामले में शिकायत के बाद मंगलवार को दोनों पक्षों को जिला पंजीयक विवेक कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में बुलाया था। दोनों पक्षों से बंद कमरे में बात कर जिला पंजीयक ने समझौता कराने की कोशिश भी की। बताया गया है कि वास्तविक क्रेताओं से दलालों ने ज्यादा पैसा लिए हैं और भूमि स्वामी को कम पैसे दिए गए हैं। इस कारण भी समझौता नहीं हो सका। मामले की जांच में उप पंजीयक सहित अन्य लोग भी जांच के दायरे में आएंगे।
<











