डूबने से एक मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन: 30 फीट गहरे नहर में कूदकर जान-जोखिम में डाल रहे मासूम, रोकने-टोकने वाला कोई नहीं – Balod News
बालोद जिले के ग्राम परसोदा में तांदुला नदी के मुख्य नहर से बेहद चिंताजनक और खतरनाक तस्वीरें सामने आई हैं। यहां छोटे-छोटे बच्चे करीब 30 फीट गहरे और तेज बहाव वाले नहर में पुल से कूदकर नहाते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि न तो मौके पर कोई सुरक्षा व्यवस्था है और न ही किसी तरह की रोक-टोक, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गौरतलब है कि पिछले रविवार दोपहर 2 बजे खरखरा जलाशय की नहर में पिकनिक मनाने पहुंचे राजनांदगांव के प्रवीण ठाकुर (26) की डूबने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यही वजह है कि ग्राम सिवनी, झलमला, परसोदा और हल्दी-बेलौदी क्षेत्र में नहरों में कूदने और नहाने की घटनाएं लगातार जारी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तांदुला जलाशय से छोड़ा गया पानी मुख्य नहर के जरिए भिलाई स्टील प्लांट तक पहुंचता है। जिससे नहर का बहाव बेहद तेज रहता है। साथ ही खरखरा जलाशय की नहर भी इसमें आकर मिलती है। जिससे पानी का दबाव और गहराई दोनों बढ़ जाते हैं। ऐसे में यहां कूदना जानलेवा साबित हो सकता है। पहले भी इस नहर में कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही कम नहीं हो रही। झलमला निवासी हरीश साहू ने बताया कि बच्चों के साथ-साथ कुछ बड़े लोग भी लापरवाही बरत रहे हैं। जो स्थिति को और गंभीर बना रहा है। नहर किनारे किसी प्रकार की कोई निगरानी की व्यवस्था नहीं की गई है।
<












