एनटीपीसी तलईपल्ली ने 46% की बढ़ोतरी के साथ रचा नया कीर्तिमान, 2024-25 में 1.1 करोड़ टन कोयला उत्पादन
रायगढ़/घरघोड़ा: एनटीपीसी की तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 11 मिलियन टन (1.1 करोड़ टन) कोयला उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के 7.54 मिलियन टन की तुलना में 46% अधिक है। सिर्फ उत्पादन ही नहीं, कोयला डिस्पैच में भी परियोजना ने 47% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जो 10.3 मिलियन टन तक पहुँच गया।
परियोजना के संचालन के बाद से अब तक कुल 22 मिलियन टन कोयला उत्पादन और 20 मिलियन टन से अधिक कोयला डिस्पैच का आंकड़ा पार कर लिया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तलईपल्ली परियोजना को कोयला मंत्रालय द्वारा 5-स्टार रेटिंग पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके साथ ही वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़े के दौरान परियोजना ने कुल 12 पुरस्कार जीतकर सुरक्षा और गुणवत्ता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
शिक्षा और सामुदायिक विकास में अहम योगदान
एनटीपीसी तलईपल्ली ने केवल औद्योगिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए हैं। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 20 स्कूलों के 1,700 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए और 25 मेधावी छात्रों को ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ प्रदान की गई। खेल और सार्वजनिक सुविधा के तहत घरघोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट्स भी स्थापित की गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया आयाम
स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी परियोजना ने कई प्रभावी पहल की हैं। एक बड़े नेत्र जांच शिविर में 488 छात्रों की जांच की गई, जिनमें से 82 छात्रों को चश्मे वितरित किए गए। अनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रक्त समूह व अनीमिया जांच शिविरों का आयोजन किया गया। वहीं तपेदिक उन्मूलन अभियान के तहत टीबी जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए। परियोजना प्रभावित गांवों में कुल 17 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनसे सैकड़ों ग्रामीणों को लाभ मिला।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में दृढ़ कदम
एनटीपीसी तलईपल्ली अपनी ऊर्जा उत्पादन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता के साथ न केवल क्षेत्रीय विकास में योगदान दे रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में भी एक सशक्त भूमिका निभा रहा है।













