रायपुर में ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार: कुरियर से मंगाया था ड्रग्स, जांच एजेंसियों ने पकड़ा; सिंडिकेट की तलाश में जुटे अफसर – Raipur News
राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। देवेंद्र नगर इलाके में पुलिस ने एक युवक को कोकीन की सप्लाई लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह ड्रग्स कूरियर के जरिए मंगवाई थी। पुलिस अब इस ड्रग सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगाल रही है कि आखिर शहर में सफेद जहर की ये खेप कहां से और किसके लिए आई थी? आरोपी का नाम पुलिस द्वारा कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवेंद्र नगर के सेक्टर 5 इलाके में ड्रग्स की एक खेप पहुंचने वाली है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना देवेंद्र नगर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को धर दबोचा। आरोपी के पास से पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन बरामद किया है। लाखों की कार और कोकीन जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी अपनी कार में मौजूद था। पुलिस ने कोकीन के साथ-साथ एक लग्जरी कार और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ी गई कोकीन कूरियर के जरिए रायपुर भेजी गई थी। ड्रग तस्कर अब जांच एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए पार्सल सर्विस का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस अब उस कूरियर कंपनी और भेजने वाले के पते की तस्दीक कर रही है। पूरे मामले का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे। गांजा तस्करी करते महिला समेत 2 गिरफ्तार राजधानी के गंज थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला और पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजपूताना होटल के सामने गांजे की खेप खपाने की फिराक में थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित होटल के पास संदिग्ध लोग मौजूद हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने कैलाश कुशवाहा (40) और पूजा पटेल (30) को दबोचा। इनके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 5 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2,62,500 रुपये आंकी गई है।
Source link












