लोक अदालत में टूटने वाली कई शादियां बचीं: राजनांदगांव में नेशनल लोक अदालत, आपसी सुलह और समझाइश से बच गए रिश्ते – Rajnandgaon News
राजनांदगांव में आयोजित नेशनल लोक अदालत में कई परिवारों के टूटे रिश्ते फिर से जुड़ गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस लोक अदालत में आपसी सुलह और समझाइश के माध्यम से वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी ने एक बार फिर साथ रहने का फैसला किया। लोक अदालत में पक्षकार बिना वकील और बिना किसी शुल्क के सीधे न्यायाधीश से बात कर अपना पक्ष रख सकते हैं। यह सालों तक चलने वाली कानूनी प्रक्रियाओं से मुक्ति दिलाकर समय की बचत करता है। इस लोक अदालत में दो प्रमुख मामले चर्चा का विषय रहे, जहाँ सुलह की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी पहला मामला दुर्गेश्वरी और सुरेश का था, जिनका विवाह 2022 में हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद दुर्गेश्वरी अपने मायके में रह रही थीं और भरण-पोषण के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही थीं। लोक अदालत की पीठ ने बच्चों के भविष्य और परिवार के महत्व पर जोर दिया, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से फिर साथ रहने का निर्णय लिया। दूसरा मामला चंद्रकुमार और तारामती का था, जिनका विवाह 2012 में हुआ था। वे भी मतभेदों के कारण कोर्ट में थे। लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने कानूनी कार्यवाही समाप्त कर आपसी सहमति से सुलह कर ली। कानूनी पेचीदगियों में उलझने के बजाय बातचीत से समाधान निकालें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोक अदालत की इस सफलता पर संतोष व्यक्त किया। प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य केवल मुकदमों का निपटारा करना नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव और शांति स्थापित करना है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि कानूनी पेचीदगियों में उलझने के बजाय आपसी बातचीत से समाधान निकालें।
<











