कलेक्टर ने पेड़ के नीचे लगाई चौपाल: ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए, शिक्षकों के देरी से पहुंचने का मुद्दा उठाया गया – baloda bazar News
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने विकासखंड भाटापारा के ग्राम पंचायत तरेंगा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस के बजाय एक पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने स्थानीय मिडिल स्कूल में शिक्षकों के देरी से पहुंचने और छात्रों में अनुशासन की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने शाला विकास समिति की बैठकों और फंड के उपयोग में पारदर्शिता की कमी पर भी चिंता व्यक्त की। कलेक्टर ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर बीईओ और बीआरसी को स्कूल भेजकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास, पेंशन और पहुंच मार्ग से संबंधित समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने किया पौधारोपण ग्राम तरेंगा में ही कलेक्टर ने टीटीसी लाइब्रेरी परिसर में पीपल का पौधारोपण किया। उन्होंने ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के तहत सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान कर ग्रामीणों को प्रेरित किया। उप सरपंच के अनुरोध पर उन्होंने लाइब्रेरी में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए जनपद सीईओ को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राशन कार्ड और पेंशन शाखा में लंबित आवेदनों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया और कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने पर जोर उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास स्वीकृत करने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने रोकड़, राजस्व और आधार पंजीयन अनुभागों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
<











