बिलासपुर में जलस्तर 15-25 फीट गिरा, टैंकर सप्लाई शुरू: महापौर बोलीं- बिना रेन वाटर हार्वेस्टिंग नक्शा पास नहीं, गहराया जलसंकट का खतरा – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ ही जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई है। जबड़ापारा, बड़ी कोनी और सरकंडा जैसे क्षेत्रों में जलस्तर 15 से 25 फीट तक नीचे चला गया है। कम पानी की शिकायत मिलने पर नेपालीपारा में टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। कोनी, जबड़ापारा और सरकंडा मोहल्ले अरपा नदी के किनारे हैं और नदी के जलस्तर से रिचार्ज होते हैं। इन क्षेत्रों में अभी से जलस्तर गिरने से इस बार भीषण जल संकट की आशंका जताई जा रही है। जोन क्रमांक 8 की जोन कमिश्नर विभा सिंह ने बताया कि जबड़ापारा, सरकंडा और बड़ी कोनी के लगभग 9-10 बोरवेल में कम पानी आने और लो प्रेशर की समस्या सामने आ रही है। आवश्यक होने पर ही मिलेगी बोरिंग की अनुमति जोन कमिश्नर के अनुसार, यह समस्या जलस्तर गिरने के कारण उत्पन्न हुई है। इस समस्या को दूर करने के लिए अब अधिक क्षमता वाले मोटर पंप लगाने होंगे या फिर राइजिंग पाइप की लंबाई बढ़ानी होगी।महापौर पूजा विधानी ने बताया कि तिफरा और सिरगिट्टी भी पेयजल की दृष्टि से समस्याग्रस्त क्षेत्र माने जाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार जल संकट वाले स्थानों पर सिंटेक्स पानी की टंकियों के माध्यम से लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें भरने के लिए टैंकरों का उपयोग किया जाएगा। महापौर ने कहा कि गिरते जलस्तर की समस्या से निपटने के लिए अब बोरिंग कम की जाएंगी। भूगर्भ जल को सुरक्षित रखने के लिए केवल अत्यावश्यक होने पर ही बोरिंग की अनुमति दी जाएगी। जलस्तर बनाए रखने के लिए अब बिना रेन वाटर हार्वेस्टिंग के किसी भी मकान का नक्शा पास नहीं किया जाएगा। अमृत मिशन के पाइप में फिर लीकेज शहर में 300 करोड़ की अमृत मिशन योजना के घटिया निर्माण की वजह से अशोक नगर चौक में पाइप लाइन में फिर लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछली बार लीकेज दुरूस्त करने में 42 दिन लग गए थे। दरअसल अशोक नगर चौक से 1000 एमएम की पाइप के जरिए पानी शहर के दूसरे छोर व्यापार विहार पानी टंकी तक सप्लाई की जाती है। नगर निगम के एई भूषण पैकरा ने बताया कि अमृत मिशन की पाइप लाइन में लीकेज के चलते व्यापार विहार टंकी से सप्लाई वाले क्षेत्र तालापारा, मगरपारा आदि क्षेत्रों में कम पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने बताया कि लीकेज दो दिनों के अंदर दुरूस्त कर लिया जाएगा।
<











