विज्ञापन दें / सहयोग करें

तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई दो की मौत, एक घायल

जशपुरनगर : तेज रफ्तार बाईक अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई,एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मामला जिले के मनोरा चौकी क्षेत्र के खरसोता के पास स्थित एनीकट के समीप हुई।

डडगांव निवासी 18 वर्षीय विवेक राम, 15 वर्षीय आलोक राम और 14 वर्षीय उमाशंकर एक ही बाइक में सवार होकर जशपुर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे खरसोता एनीकट के पास बाइक अनियंत्रित होकर साल के पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में विवेक राम और आलोक राम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल उमाशंकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे उच्च उपचार हेतु रेफर कर दिया गया है।

मृतक विवेक राम के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है। वह स्वजनों के संरक्षण में रह रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिले में सड़क दुर्घटना में हो रही जनहानि बड़ी समस्या बनी हुई है। पुलिस विभाग के रिकार्ड के अनुसार बीते वर्ष 2024 में 343 लोगों ने सड़क में अपनी जान गंवाई थी। वहीं 2025 के पहले माह जनवरी में 33 लोगों की मौत हुई थी। उद्योगविहिन जशपुर जिले में सड़क दुर्घटना का यह आंकड़ा जिला प्रशासन के लिए चुनौती साबित हो रही है। दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सड़क सुरक्षा माह के अंर्तगत एक माह तक जागरूकता अभियान चलाया था। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों ने चलित थाना,जागरूकता रथ,चौपाल और स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पालन करने की अपील की थी। लेकिन पुलिस विभाग को इसमें अपेक्षा के अनुरूप सफलता नहीं मिली। इस पर विभाग ने अब सख्ती शुरू कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह का मानना है कि जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटना ओवर स्पीड और नशे की हालत में वाहन चलाने से होती है। इसके साथ ही उन्होनें बताया कि वाहन चलाने के समय लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करते हुए,यातायात नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button