स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पिता की गुमनामी में मौत,बेटे को सम्मान: राष्ट्रपति ने किया सेनानियों के परिजनों एवं समाज प्रमुखों को सम्मानित,बसंत पंडो से की मुलाकात – Ambikapur (Surguja) News
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी माझी राम गोंड के बेटे का राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
सरगुजा प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी माझी राम गोंड के बेटे को सम्मानित किया। माझी राम गोंड की 23 वर्ष पूर्व गुमनामी में मौत हो गई थी। माझी राम गोंड को राष्ट्रीय समारोहों में सम्मानित किया जाता रहा, ले
.
जनजातीय गौरव दिवस समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जनजातीय समाज प्रमुखों, PGVT समुदाय के समाज प्रमुखों, जनजातीय समाज के उत्थान में विशेष योगदान देने वालों, जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम में सेनानियों के परिजनों से भेंट की। श्रीमती मुर्मू ने इन सभी के साथ समूह फोटो खिंचवाई।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों से की मुलाकात राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले जनजातीय जननायकों एवं सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया। राष्ट्रपति ने सोनाखान क्रांति के जननायक शहीद वीर नारायण सिंह एवं शहीद वीर नारायण सिंह के सेनापति, परलकोट क्रांति के जननायक शहीद गेंदसिंह, झंडा सत्याग्रह के जननायक सुकदेव पातर, भूमकाल क्रांति के जननायक बन्टु धुरवा, जंगल सत्याग्रह के जननायक शहीद रामधीन गोड़, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजनाथ भगत एवं माझी राम गोंड़ के परिजनों से भेंट की।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों व समाज प्रमुखों से मिलीं राष्ट्रपति
माझी राम गोंड को नहीं मिला कोई लाभ अंबिकापुर निवासी माझी राम गोंड 14 साल की उम्र में ही वे पिता जयराम गोंड के साथ आंदोलन में शामिल हो गए थे। साल 1932 में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण ली और बाद में असहयोग आंदोलन के सक्रिय हुए। आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें 1942 में गिरफ्तार कर 21 दिनों तक जेल में यातनाएं दी गईं।
साल 1945-46 में फिर से गिरफ्तार कर छह महीने तक कैद रखा गया। आंदोलनकारियों को बागी घोषित करते हुए माझी और उनके पिता की लाखों की जमीन नीलाम करवा दी गई, जिससे पूरे परिवार की आजीविका छिन गई, बावजूद उनका संघर्ष और आंदोलन जारी रहा। इसके बाद वे परिवार सहित फुंदुरडिहारी में रहकर आजीवन रोजी-रोटी के लिए संघर्ष करते रहे।
27 नवंबर 2002 को दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर (फाइल फोटो)
माझी राम गोंड के जेल जाने का विवरण नहीं मिल पाने के कारण उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को मिलने वाली सुविधा नहीं मिल सकी, सम्मान जरूर मिलता रहा। आर्थिक अभाव के कारण उन्हें मजदूर तक करनी पड़ी, जबकि करीब 6 वर्षों तक वे रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते रहे।
नौबत यहां तक आ गई कि निधन के वक्त बैंक खाते में केवल 50 रुपए थे। 11 नवंबर 2002 को 88 साल की उम्र में बीमारी के चलते जिला अस्पताल में निधन हुआ। उनकी मौत के बाद कई दिनों तक इसकी जानकारी भी लोगों को नहीं मिली। माझी राम गोंड के बेटे जानचीन गोंड स्वयं कच्ची झोपड़ी में रहते हैं और अपने बेटे, बहू और पोते के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं।
बसंत पंडो से राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने की भेंट
बसंत पंडो से की मुलाकात, शॉल भेंट कर किया सम्मान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कार्यक्रम के दौरान पण्डो जनजाति के बसंत पण्डो से मिलीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने उनका कुशल क्षेम जाना और उन्हें शॉल भेंट की। बसंत पण्डो को यह नाम देश के पहले राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद ने अपने सरगुजा प्रवास के दौरान दिया था।
बसंत पंडो ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू को बताया कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद जब वर्ष 1952 में अंबिकापुर आए थे, तब वे 08 वर्ष के थे। राष्ट्रपति ने बसंत पंडो को गोद लिया और उनका नामकरण किया था। बसंत पंडो को गोद लेने के बाद, पंडो जनजाति को ’राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’ कहलाने का दर्जा प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने बसंत पंडो से कहा कि आप मेरे भी पुत्र की तरह हैं।
<










