संत श्री नामदेव जी महाराज की 755वीं जयंती: रायपुर में 9 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं – Raipur News
संत श्री नामदेव जी महाराज की 755वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में नामदेव समाज ने 12 नवंबर तक लगातार 9 दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस दौरान सिविल लाइन स्थित रविंद्र मंच के मंगल भवन में समारोह का समापन हुआ।
.
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, बाल आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा सहित कई प्रमुख समाजसेवी और देशभर के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। विशेष रूप से महिलाओं ने देवी के नौ रूपों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
नामदेव समाज विकास परिषद के रायपुर जिला अध्यक्ष नारायण प्रसाद नामदेव ने बताया कि युवाओं और नारी शक्तियों ने 9 दिनों तक अपना योगदान दिया। इस दौरान 1 नवंबर को विशाल हवन पूजन और 2 नवंबर को भव्य कलश यात्रा आयोजित की गई।
युवा जिला अध्यक्ष अविनाश नामदेव ने कहा कि समाज को एक करना ही हमारा उद्देश्य है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का धन्यवाद किया। महिला जिला अध्यक्ष लता नामदेव ने भी अतिथियों और कार्यक्रम में शामिल लोगों को आभार जताया।
कार्यक्रम में मॉडल एक्जिबिशन, पाक-कला, रंगोली, मेंहदी, चित्रकला, संगीत, नृत्य, फैंसी ड्रेस, श्लोक पाठ और ग्रुप प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नामदेव समाज ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और सराहनीय बताया।
<











