ग्राम पंचायत पंडरापाठ में सचिव पद को लेकर विवाद, सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला पंचायत पहुंचकर गणेश यादव को हटाने की मांग की
जशपुर। बगीचा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पंडरापाठ में पंचायत सचिव के पदभार में किए गए फेरबदल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर जिला पंचायत पहुंचे और सचिव गणेश यादव की नियुक्ति के खिलाफ धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासन गणेश यादव की पोस्टिंग को निरस्त कर वर्तमान सचिव कमल नारायण को ही पद पर बनाए रखे। उनका कहना था कि जब तक आदेश वापस नहीं लिया जाता, वे जिला पंचायत से नहीं हटेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि गणेश यादव पहले भी इसी पंचायत में सचिव रह चुका है और उस दौरान प्रधानमंत्री आवास, वनाधिकार पट्टा तथा निर्माण कार्यों में गड़बड़ियां की थीं। साथ ही उनका व्यवहार भी जनता के प्रति अनुचित रहा। ग्रामीणों का कहना है कि राजनीतिक दबाव के चलते अब फिर से उनकी पोस्टिंग की गई है, जिसका वे कड़ा विरोध करेंगे।
दस साल तक नहीं मिला मानदेय
धरने में बैठी महिलाओं ने बताया कि गणेश यादव के कार्यकाल में जय अंबे स्व सहायता समूह को सफाई का काम सौंपा गया था, लेकिन लगातार दस साल तक काम करने के बावजूद उन्हें मानदेय नहीं मिला। उनके हटने के बाद ही भुगतान शुरू हुआ।
इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने कहा— “पंडरापाठ से आए ग्रामीणों से चर्चा हुई है। उनकी मांगों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।











