बलौदाबाजार में 97 गुंडा-बदमाशों की फाइलें खुलीं: पुलिस की सख्ती से 30 बदमाश जिलाबदर, धारदार हथियार से हमला करने वाले 42 आरोपी पकड़ाए – baloda bazar News
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने 30 बदमाशों को जिलाबदर किया है और 97 गुंडा-बदमाशों की फाइलें खोली हैं। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में अब तक चाकूबाजी के केवल 19 मामले दर्ज हुए हैं, जबकि पिछले साल 2024 में इसी अवधि में 25 ऐसे मामले सामने आए थे।
.
इस साल के 19 मामलों में पुलिस ने 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटनाओं में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद किए हैं। पिछले साल 25 मामलों में 61 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।
पहले की तुलना में 24 प्रतिशत कम अपराध
SP भावना गुप्ता के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों पर पुलिस सख्ती दिखा रही है। इस साल चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज की है। साल 2025 में अब तक 97 गुंडा-बदमाशों और 23 निगरानी बदमाशों की फाइलें खोली गई हैं। संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों की टीमें इन सभी पर लगातार नजर रख रही हैं।
30 बदमाशों को जिले से बाहर किया गया
सबसे कड़ी कार्रवाई के तहत 30 बदमाशों को जिले से बाहर कर दिया गया है। इन पर जिले और आसपास के सीमावर्ती जिलों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।
शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इस वर्ष अब तक 4309 लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई दर्ज की गई है। इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र के निर्देश पर ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाकर नशे के अवैध कारोबार में लिप्त बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
<












