आम जनता को मिले जीएसटी की घटी दरों का लाभ – वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी
“जीएसटी बचत उत्सव” की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओ. पी. चौधरी ने नवा रायपुर में आयोजित “जीएसटी बचत उत्सव” की विशेष समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जीएसटी की घटी दरों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू “जीएसटी 2.0 सुधारों” का उद्देश्य नागरिकों को राहत और व्यापार को सुगमता प्रदान करना है।
वित्त मंत्री चौधरी ने राज्यभर के बाजारों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि 99 प्रतिशत वस्तुएँ अब 5 प्रतिशत जीएसटी स्लैब में लाई गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष बचत मिल रही है। उदाहरणस्वरूप कृषि मशीनरी, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएँ पहले से सस्ती हुई हैं।
उन्होंने बताया कि जीएसटी 2.0 सुधारों के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी राहत दी गई है — अब जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर कोई जीएसटी नहीं, अधिकांश दवाओं, मेडिकल उपकरणों और डायग्नोस्टिक किट पर दर 12% से घटाकर 5% कर दी गई है, जबकि जीवनरक्षक दवाइयाँ टैक्स मुक्त कर दी गई हैं।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी वस्तु पुरानी दरों पर न बेची जाए और सभी उत्पादों पर नई संशोधित दरें अंकित हों। उन्होंने कहा कि “जीएसटी बचत उत्सव” की दैनिक समीक्षा वे स्वयं करेंगे ताकि सुधारों का लाभ हर नागरिक तक समय पर पहुँचे।
बैठक में वित्त सचिव मुकेश बंसल, राज्य कर आयुक्त पुष्पेंद्र मीणा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













