मुख्यमंत्री से बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की सौजन्य भेंट, छत्तीसगढ़ में खेलों के विस्तार पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रविवार को उनके निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों, विशेषकर क्रिकेट के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राजीव शुक्ला का कोसा वस्त्र एवं बेल मेटल से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है ताकि प्रदेश की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल सके।
राजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ में खेलों की बढ़ती संभावनाओं की सराहना की और बीसीसीआई की ओर से राज्य में क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में खेल के प्रति जुनून और प्रतिभा है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और संसाधनों की है।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की दिशा में क्या संभावनाएं हैं और इसके लिए किन बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
यह मुलाकात छत्तीसगढ़ में खेलों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।












