विज्ञापन दें / सहयोग करें

बस्तर के NMDC स्टील प्लांट में भीषण दुर्घटना, ऑपरेटर मंगल साय की मौके पर ही मौत

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार NMDC स्टील प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान ऑपरेटर मंगल साय (31) गर्म पिघले हुए लोहे (हॉट मेटल) की चपेट में आ गया, जिससे चंद सेकंड में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना उस समय हुई जब प्लांट में लोहे को गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान, ऑपरेटर मंगल साय अचानक पिघले हुए अत्यधिक गर्म लोहे की चपेट में आ गए। लोहे का तापमान इतना अधिक था कि वह बुरी तरह जल गए और उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला।

हादसे के वक्त मंगल साय के साथी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। हालांकि, पिघले लोहे की भीषण गर्मी और अचानक हुई घटना के कारण कोई भी उन्हें बचाने में सफल नहीं हो पाया और वे असहाय होकर देखते रह गए। यह पूरी घटना नगरनार थाना क्षेत्र में घटित हुई है।

मृतक ऑपरेटर की पहचान 31 वर्षीय मंगल साय के रूप में हुई है। वह बस्तर जिले के देवड़ा गांव का निवासी था।

हादसे के बाद प्लांट के अन्य कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। पिघले हुए मेटल के थोड़ा ठंडा होने के बाद ही जली हुई बॉडी को वहां से निकाला जा सका।

यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ऑपरेटर मंगल साय गर्म मेटल की चपेट में कैसे आए, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। इस गंभीर मामले को लेकर NMDC प्रबंधन की तरफ से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

नगरनार थाना प्रभारी विकेश तिवारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्लांट में हुए हादसे की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारियां सामने आ पाएंगी।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button