एनटीपीसी तलईपल्ली में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025 का भव्य समापन समारोह संपन्न, 40 बालिकाओं ने सीखे आत्मनिर्भरता के विविध आयाम
घरघोड़ा से गौरी शंकर गुप्ता की रिपोर्ट
घरघोड़ा, रायगढ़।
एनटीपीसी तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना द्वारा संचालित 28 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2025’ का समापन शुक्रवार को एक भव्य और प्रेरणादायी समारोह के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में आसपास के 13 गांवों से चयनित 40 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें जीवन कौशल, शैक्षणिक दक्षता, आत्मरक्षा, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विविध आयामों में प्रशिक्षित किया गया।
समापन समारोह की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड के निदेशक (ईंधन) एवं अध्यक्ष, संयुक्ता महिला समिति की वरिष्ठ सदस्या, तलईपल्ली परियोजना के परियोजना प्रमुख, तिलोत्तमा महिला समिति की सदस्याएं, परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये बेटियाँ केवल अपने परिवार की नहीं, बल्कि समाज और देश की भी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान से न केवल इन बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है, बल्कि यह कार्यक्रम ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसी राष्ट्रीय योजनाओं को भी प्रभावी ढंग से समर्थन दे रहा है। उन्होंने परियोजना टीम को निर्देशित किया कि इन बालिकाओं की आगे की प्रगति का सतत मूल्यांकन किया जाए और उनके दीर्घकालिक विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
समारोह के दौरान बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। योग प्रदर्शन, प्रेरणादायक नाटक, तायक्वांडो की आत्मरक्षा तकनीक और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर उन्होंने यह साबित किया कि प्रशिक्षण ने उनके आत्मबल और प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है।
तलईपल्ली परियोजना प्रमुख ने कहा कि यह परियोजना केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, किट, उपहार और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रात्रिभोज के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उनके परिजनों ने भाग लिया।
एनटीपीसी तलईपल्ली द्वारा आयोजित यह सशक्तिकरण अभियान न केवल इन 40 बालिकाओं के लिए एक अनुभव रहा, बल्कि यह संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा है।











