विज्ञापन दें / सहयोग करें

जुलाई में 32 सड़क हादसों में 11 की मौत, 25 हुए घायल, 7 माह में दम तोड़ चुके 129 लोग

जिले में जुलाई माह के 31 दिनों में 32 सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हुई है। वहीं 25 लोग घायल हुए हैं। जून माह में 44 सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 35 लोग घायल हुए थे। इस लिहाज से जून की तुलना में जुलाई में 12 सड़क हादसे कम हुए हैं। इसके अलावा मौतों का आंकड़ा भी 9 कम है। जुलाई की तुलना में जून में 10 लोग ज्यादा घायल हुए थे। जिले में हुए सड़क हादसों के संबंध में जिला यातायात विभाग, पुलिस प्रशासन ने मासिक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में रोजाना एक हादसा हुआ है। वहीं हर तीन दिन में एक व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि विभागीय अफसरों का दावा है कि रोजाना चालानी कार्रवाई व वाहन चालकों को समझाइश देने की वजह से सड़क हादसे में कमी आ रही है। विभाग के अनुसार मई माह के 31 दिनों में 35 सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 28 लोग घायल हुए थे। भले ही दावा किया जा रहा है कि सड़क हादसे थम रहे हैं लेकिन रिपोर्ट से ही सच्चाई बयां हो रही है कि रोजाना जिले में कहीं न कहीं सड़क हादसे हो ही रहे हैं। इस साल हर माह औसत 18 लोगों की मौत हुई: इस साल जनवरी से जुलाई तक 7 माह में 129 लोगों की मौत हो चुकी है। इस लिहाज से हर माह 18 लोगों की मौत हुई है। हालांकि विभागीय अफसरों का कहना है कि किसी माह कम तो किसी माह ज्यादा हादसे हो रहे हैं। इस वजह से किसी माह कम तो किसी माह ज्यादा लोगांे की मौत हो रही है। यातायात विभाग पुलिस प्रशासन से एक माह पहले जारी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में 5 माह में 238 सड़क दुर्घटनाओं में 120 लोगों की मौत हुई थी। जबकि इस साल 5 माह में 230 सड़क दुर्घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई। मृत्यु दर में 18% की कमी विशेष अभियान चला रहे जिला यातायात प्रभारी रविशंकर पांडेय ने बताया कि हादसे हो रहे हैं लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल सड़क हादसों में कम लोगों की मौत हुई है। जिले में सड़क हादसों में कमी लाने एवं लोगांे में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले एवं दोपहिया वाहन में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर विशेष अभियान चलाकर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। जागरूकता अभियान एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने पर कार्रवाई के परिणामस्वरूप पिछले साल की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में 18 प्रतिशत की कमी आई है। हर माह तीन हजार लोग यातायात नियम तोड़ रहे जागरुकता के दावों के बीच यातायात विभाग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हर माह 3 हजार से ज्यादा वाहन चालक नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि इस साल 5 माह में ही यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले 17612 वाहन चालकों से 69 लाख 52 हजार 500 रुपए की चालानी कार्रवाई हो चुकी है। शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 324 वाहन चालकों पर कोर्ट ने 34 लाख 26 हजार 700 रुपए जुर्माना लगाया हैं। बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 879 वाहन चालकों से 4 लाख 41 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button