विज्ञापन दें / सहयोग करें

जांजगीर-चांपा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, आरक्षक सस्पेंड; परिजनों ने किया थाने का घेराव

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चांपा थाना पुलिस की हिरासत में 30 वर्षीय युवक शिव सहिस की मौत हो गई। मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस को बुधवार दोपहर उसके घर से पकड़ा गया था। उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।

परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए चांपा थाने का घेराव कर दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पहले बीडीएम अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने मामले में आरक्षक ईश्वरी राठौर को लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर सस्पेंड कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। मौत की वजह पोस्टमॉर्टम के बाद स्पष्ट होगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क ने बताया कि शिव सहिस के खिलाफ पूर्व में भी अपराध दर्ज रहे हैं। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला बताया गया है। बुधवार को उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई थी और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवक की मौत के मामले को लेकर पुलिस और गृह विभाग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गृह विभाग की लापरवाही के कारण प्रदेश में लगातार कस्टोडियल डेथ की घटनाएं सामने आ रही हैं। बघेल ने जांजगीर-चांपा की घटना में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button