बिलासपुर में अवैध ई-टिकट बनाते युवक गिरफ्तार: तत्काल काउंटर से बाहर निकलते ही पकड़ा, लेता था 200 रुपए प्रति यात्री – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध रूप से ई-टिकट बनाने वाले एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्रियों से प्रति व्यक्ति 200 रुपए लेकर मोबाइल के जरिए ई-टिकट बनाता था। उसे तत्काल टिकट काउंटर से बाहर निकलते ही पकड़ा गया। आरपीएफ सेटलमेंट टीम को पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोई व्यक्ति मोबाइल से फर्जी ई-टिकट बना रहा है। इन सूचनाओं के आधार पर आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज और मैन्युअल निगरानी बढ़ा दी थी। बेरोजगारी को बताया कारण निगरानी के दौरान, रेलवे स्टेशन के आरक्षण कार्यालय के बाहर से एक युवक को अवैध रूप से तत्काल टिकट बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान ग्राम घुटिया निवासी 30 वर्षीय जयकिशन यादव के रूप में हुई है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सेटलमेंट टीम को यह भी शिकायतें मिली थीं कि कुछ युवक तत्काल टिकट के समय रिजर्वेशन काउंटर पर सक्रिय रहते हैं। इसी क्रम में जयकिशन यादव को तीन-चार दिनों से लगातार काउंटर पर संदिग्ध अवस्था में देखा जा रहा था। रविवार सुबह जैसे ही वह तत्काल टिकट लेकर बाहर निकला, आरपीएफ टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बेरोजगारी के कारण यात्रियों से प्रति व्यक्ति 100 से 200 रुपए अतिरिक्त लेकर टिकट बनाता था। पूछताछ में नहीं मिला वैध लाइसेंस पूछताछ के दौरान युवक के पास से 2,070 रुपए मूल्य का आगे की तारीख का स्लीपर श्रेणी का तत्काल टिकट बरामद हुआ। जब उसके मोबाइल की जांच की गई, तो उसकी व्यक्तिगत आईआरसीटीसी आईडी पर 12 अन्य ई-टिकट मिले, जिनकी कुल कीमत 9,999.30 रुपए थी। आरोपी के पास वैध लाइसेंस नहीं होने के कारण आरपीएफ ने साइबर क्राइम की मदद से उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
<












