बात बंद करने पर युवती को रास्ते में रोका,धमकी दी: बोला-मुझसे बात क्यों नहीं करती, जान से मार दूंगा, चाकू से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार – Kondagaon News
कोंडागांव जिले में एक युवक ने एकतरफा बातचीत बंद करने से नाराज होकर एक युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को केशकाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 26 मार्च को उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि एक युवती को किसी ने चाकू मार दिया है। खबर मिलते ही पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और घायल युवती से पूरी घटना की जानकारी ली। युवती ने बताया कि ‘लक्की’ नाम का युवक बात करता था, लेकिन घरवालों के मना करने के बाद उसने उससे बात करना बंद कर दिया था। बस यही बात आरोपी को नागवार गुजरी। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी घटना वाले दिन रात करीब साढ़े 9 बजे युवती गांधी मार्ट से काम खत्म करके घर लौट रही थी। तभी जैसे ही वह शाहिद हनफी की मुर्गी दुकान के पास पहुंची, अचानक सामने से लक्की सिंह आ धमका। उसने आते ही युवती को रोक लिया और गुस्से में धमकाने लगा और कहा, “मुझसे बात क्यों नहीं करती, जान से मार दूंगा।” युवती पर चाकू से किया हमला युवती कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से सीधे उसके सीने पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवती ने हाथ से रोकने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसके बाएं हाथ और जांघ में जा लगा। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और युवती खून से लथपथ वहीं गिर गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। साइबर टीम की मदद से लगातार लोकेशन ट्रैक की गई और आखिरकार आरोपी लक्की सिंह उर्फ उरवानुष भेलवा (धमतरी का रहने वाला) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत केस दर्ज कर 29 मार्च को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Source link













