महासमुंद में खाकी दागदार: 2500 रिश्वत लेते आरक्षक का वीडियो प्रसारित, तत्काल लाइन अटैच
महासमुंद जिले के सांकरा थाना में पदस्थ आरक्षक अरुण प्रताप सिंह का एक पीड़ित से चालान कॉपी के एवज में ₹2,500 की घूस लेते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प …और पढ़ें
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के सांकरा थाने में पदस्थ एक आरक्षक (कॉन्स्टेबल) द्वारा सरेआम रिश्वतखोरी किए जाने का एक कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो के इंटरनेट पर आते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता और विभाग की छवि पर उठते सवालों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया है और आरोपी आरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
मुफ्त में दी जाने वाली चालान की कापी के लिए ली रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में सांकरा थाने में तैनात आरक्षक अरुण प्रताप सिंह एक व्यक्ति से बंद कमरे में अवैध रूप से पैसों का लेनदेन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित और शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अदालत में पेश किए जाने वाले उसके केस की 103 पन्नों की चालान कॉपी (Charge-sheet Copy) उपलब्ध कराने के नाम पर इस आरक्षक ने उससे ₹2,500 की सीधे तौर पर मांग की थी और यह रकम वसूली थी। चौंकाने वाली बात यह है कि कानूनी और विभागीय नियमों के मुताबिक, किसी भी आरोपी या शिकायतकर्ता को चालान की पहली प्रति पूरी तरह से निशुल्क (फ्री) उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
नहीं देने पर चालान नहीं जमा करूंगा
शिकायतकर्ता ने अपनी लिखित शिकायत में यह भी बताया कि जब उसने मुफ्त मिलने वाले दस्तावेजों के लिए पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरक्षक ने फोटोकॉपी के खर्च का बहाना बनाया। आरक्षक ने पीड़ित को खुलेआम धमकी दी थी कि यदि उसने पूरी रकम नहीं चुकाई तो उसका चालान कोर्ट में पेश नहीं किया जाएगा और उसे केस के नाम पर महीनों तक थाने के चक्कर काटने पर मजबूर कर दिया जाएगा। इस प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने चुपके से आरक्षक की इस करतूत का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। यद्यपि विभाग का कहना है कि इस प्रसारित वीडियो की तकनीकी व स्वतंत्र रूप से अभी पूरी पुष्टि होना बाकी है, लेकिन प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने पर गाज गिरनी तय थी।
जांच जारी पुलिस लाइन भेजा
महासमुंद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो उनके संज्ञान में आते ही प्रारंभिक जांच बिठा दी गई थी। जांच के शुरुआती चरण में आरक्षक अरुण प्रताप सिंह की संलिप्तता और लापरवाही उजागर होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल सांकरा थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले की एक विस्तृत विभागीय जांच जारी है और जैसे ही पूरी जांच रिपोर्ट सामने आएगी, दोषी कर्मचारी के खिलाफ बर्खास्तगी या कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link












