रायपुर में महिला उद्यमिता पर ‘उदया’ कार्यक्रम का आयोजन: महिलाओं को नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए किया प्रोत्साहित; व्यापारिक बारीकियां बताई गई – Raipur News
राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला चेम्बर), जन शिक्षण संस्थान और भावसार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज महिला उद्यमिता पर केंद्रित एक भव्य कार्यक्रम “उदया” “She Leads, She Creates, She Inspires” की थीम पर कार्यक्रम हुआ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने महिलाओं को व्यापारिक बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि और छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला चेम्बर) की अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आज की महिला सिर्फ घर की धुरी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की शक्ति है। “उदया” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक संकल्प है उन महिलाओं के लिए जो अपनी आँखों में सपनों के साथ समाज में बदलाव लाना चाहती हैं। जब एक महिला उद्यमी बनती है, तो वह न केवल अपने परिवार को सहारा देती है, बल्कि कई अन्य परिवारों के लिए रोजगार के द्वार भी खोलती है। हमें पारंपरिक सोच की बेड़ियां तोड़कर नवाचार को अपनाना होगा। छत्तीसगढ़ की मिट्टी में वह सामथ्र्य है कि यहां की बेटियां ग्लोबल मार्केट में अपनी पहचान बना सकें। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला के पास हुनर हो और उस हुनर को व्यापार में बदलने का साहस हो। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिसमें विशेषज्ञों ने महिलाओं को व्यापारिक बारीकियों से अवगत कराया। इसमें आर्थिक सम्पन्नता सत्र पर आईआईएम (IIM) रायपुर की डॉ. रश्मि शुक्ला ने वित्तीय प्रबंधन और आर्थिक सुदृढ़ता पर विशेष सत्र लिया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे छोटे निवेश से बड़े व्यापार की नींव रखी जा सकती है। महिला सशक्तिकरण पर सरकारी योजनाओं के बारे में CSIDC एवं MSME के सीनियर अधिकारियों ने केंद्र व राज्य सरकार की महिला उद्यमिता योजनाओं की जानकारी पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी। उन्होंने मुद्रा लोन, सब्सिडी और सरकारी पंजीकरण आदि की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया। सत्र के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहीं। उन्होंने सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि राजीव अग्रवाल (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) और ठाकुर राम सिंह (रिटायर्ड जिलाधीश, रायपुर), अभिषेक सिंह (जोनल हेड, भावसर फाउंडेशन) अतुल सिंह (चेयरमैन, जन शिक्षण संस्थान) ने भी अपने विचार साझा करते हुए सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। दिन भर चले इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने उद्यमिता के गुर सीखे और विशेषज्ञों के साथ सीधा संवाद किया। उपस्थित महिलाओं को समय का ध्यान रखने, स्वयं को अपडेट रखने, सरकार द्वारा लाये जा रहे नई योजनाओं की जानकारी एवं ग्रोथ के लिये रिस्क लेने से पीछे न हटने जैसे सुझाव दिये।
<











