सरगुजा में आंगनबाड़ी के दो बच्चे डूबे,एक की मौत:दूसरा अंबिकापुर रेफर, घर लौटते समय हादसा, मीटिंग की वजह से जल्दी हो गई थी छुट्टी
सरगुजा के लुंड्रा में आंगनबाड़ी से घर लौट रहे दो बच्चे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे की हालत गंभीर है। आंगनबाड़ी केंद्र में बैठक होने के कारण बच्चों की छुट्टी जल्दी कर दी गई थी। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लुंड्रा के आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को सेमरपारा के बच्चे पढ़ने गए थे। इसी दौरान 5 साल की जया विश्वकर्मा और 6 साल का रीतिक खेलते-खेलते आंगनबाड़ी से करीब 50 मीटर दूर बन रहे प्री-मैट्रिक छात्रावास भवन के पास पहुंच गए। वहां पानी से भरे गड्ढे में दोनों बच्चे डूब गए। बच्चों ने शोर मचाया तो पहुंचे आंगनबाड़ी कर्मी पास में खेल रहे कुछ बच्चों ने दोनों को पानी में डूबते देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर निर्माणाधीन हॉस्टल में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। उस समय दोनों बेहोश थे। मजदूर और ग्रामीण दोनों बच्चों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जया विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रीतिक की हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि परिजनों ने बयान दिया है कि दोनों बच्चे आंगनबाड़ी गए थे। वहां से खेलते हुए वे पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए और उसमें डूब गए। लुंड्रा पहुंचे जिला कार्यक्रम अधिकारी की पूछताछ घटना की जानकारी मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान लुंड्रा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बताया गया कि गुरुवार को लुंड्रा आंगनबाड़ी में बैठक थी, इसलिए बच्चों की छुट्टी सामान्य समय से पहले कर दी गई थी। जेआर प्रधान के मुताबिक, आंगनबाड़ी सहायिका दोनों बच्चों के साथ मृत बच्ची की बड़ी बहन और एक अन्य बच्ची को उनके घर तक छोड़ने गई थी। इसके बाद दोनों बच्चे वापस आ गए और पानी से भरे गड्ढे की तरफ चले गए। बच्चों को घर छोड़ने जाने का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। जेआर प्रधान ने बताया कि शुरुआती जांच में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि सहायिका बच्चों के मोहल्ले में करीब डेढ़ साल के बच्चे की मां रीतू नाम की महिला को रेडी-टू-ईट सामग्री भी देकर गई थी। इसका फोटो भी लिया गया है।












