विज्ञापन दें / सहयोग करें

महिला बोली-पुलिस ने बदसलूकी की तो पिया फिनाइल: रोती हुई बोली-जानवरों की तरह आधीरात हटाया, हार्टअटैक से पति को खोया, 2017 से अनुकंपा का इंतजार – Chhattisgarh News

अश्वनी सोनवानी से दैनिक भास्कर की टीम ने खास बातचीत की।

“मेरे पति की मौत 2017 में हार्ट अटैक से हो गई। घर में दूसरा कोई शख्स नौकरी पर नहीं है। मैं और मेरे दोनों बच्चे किसी तरह अपनी जिंदगी गुजार रहे हैं। बच्चों को रोज उम्मीद देती हूं कि सबकुछ ठीक हो जाएगा। तुम लोग अपनी पढ़ाई पर फोकस करो। लेकिन मैं जानती हूं

.

समय निकलता जा रहा है। पहले कांग्रेस ने घुमाया, अब बीजेपी घुमा रही है। 2 दिन पहले भी अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर हम विजय भइया के पास गए थे। उनके लोगों ने हमारी उनसे मुलाकात नहीं कराई। पुलिस वाले जबरदस्ती उठाने लगे, बदसलूकी की। मैंने इसलिए फिनाइल पी लिया।”

ये कहते हुए फिनाइल पीने का अफसोस अश्वनी सोनवानी के चेहरे पर झलकने लगता है। आंखों में आंसू आने लगते हैं, लेकिन अश्वनी खुद को संभला हुआ दिखाने की कोशिश करती है। और आगे कहती हैं बच्चे पूछ रहे थे कि “मैंने ऐसे क्यों किया? मुझे कुछ हो जाता तो हमारा क्या होता? मेरे पास कोई जवाब नहीं था।”

यहां अश्वनी टूट जाती है। आखों से आंसू बहने लगते हैं। साथ बैठी उनकी साथी राजेश्वरी दुबे उन्हें संभालती है। और वही दिलासा देती हैं जो पिछले 8 सालों से वो खुद को भी देती आ रही हैं, “सब कुछ ठीक हो जाएगा।”

अपनी साथी राजेश्वरी दुबे के साथ अश्वनी सोनवानी। सभी इसी उम्मीद में बैठे है कि सब ठीक हो जाएगा।

2 दिन से एडमिट थीं अश्वनी, अब सेहत ठीक

अश्वनी 2 दिन से मेकाहारा में एडमिट थीं। और अब डिस्चार्ज हो गई हैं। गले में अब भी हल्की जलन है। लेकिन साफ तौर पर कहती हैं कि मुझे और मेरे साथियों ने बहुत इंतजार कर लिया। सरकार को नौकरी देनी ही होगी। हक है हमारा। इसके बाद उठकर सीधे डिप्टी सीएम विजय शर्मा से मिलने निकली जाती हैं।

बेटी बोली- घर में फाइनेंशियल प्रॉब्लम

फिनाइल पीने वाली महिला की बेटी ने कहा था कि ‘मैं और मेरा छोटा भाई मां के साथ पिछले 2 दिन से रायपुर में हैं। घर में फाइनेंशियल प्रॉब्लम है। अब तक ना नौकरी मिली है, ना चुनाव के वक्त वादा करने वाले नेता बात कर रहे हैं। इसी के चलते मां ने फिनायल पी लिया।’

अब जानिए क्या है पूरा मामला

रायपुर में 20 अगस्त को अनुकंपा नियुक्ति की मांग लेकर अलग-अलग जिलों से महिलाएं डिप्टी सीएम विजय शर्मा के घर के बाहर पहुंची। विजय शर्मा से मुलाकात नहीं हो पाई। इससे नाराज महिलाएं गृहमंत्री आवास के बाहर ही बैठ गई। पुलिस ने इन्हें आधी रात उठाया और तूता धरना स्थल छोड़ आई।

इसके बाद अगले दिन महिलाएं फिर गृहमंत्री के घर के बाहर बैठीं। पुलिस बल प्रयोग करते हुए महिलाओं को फिर से बस में भरने लगी। छोटे बच्चे भी साथ थे। महिलाओं का आरोप है पुलिस ने इनके साथ भी बदसलूकी की। इस रवैये से महिलाएं आक्रोशित हो गईं। सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।

इसी बीच पुलिस ने जांजगीर-चांपा से पहुंची दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी अनुकंपा संघ की प्रेसिडेंट अश्वनी को जबर्दस्ती बंगले के बाहर से उठाने प्रयास किया, इसके बाद आवाज आई…“दो तो रे…थैला कहां है” और इसके बाद अश्वनी ने एक थैले से फिनाइल की बोतल निकालकर खुद के चेहरे पर उड़ेल दिया। महिला पुलिसकर्मियों ने इसके बाद उन्हें जबरदस्ती हटाया।

देखिए ये 3 तस्वीरें-

डिप्टी सीएम के घर के बाहर थैले से फिनाइल की बोतल निकालकर महिला ने पी लिया।

पुलिसकर्मी महिला प्रदर्शनकारियों को उठाने पहुंचे थे, इसी दौरान ये घटना हुई।

महिला पुलिसकर्मियों ने इसके बाद प्रदर्शनकारियों को जबरदस्ती हटाया।

चुनाव में वादा करके भूल गई सरकार

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भाजपा सरकार ने वादा करके भी अब तक मांगें पूरी नहीं की है। अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर कांग्रेस सरकार के वक्त से आंदोलन चल रहा है। दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी संघ की महिलाएं और परिजन 307 दिनों से धरने पर हैं।

इनका कहना है कि कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया था। तब भाजपा नेताओं ने उन्हें पूरा समर्थन दिया था।

अश्वनी को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 2 दिन इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

प्रदर्शनकारियों में वे लोग शामिल हैं, जिनके परिजन संविलियन (समायोजन) से पहले ही दिवंगत हो गए थे। नियमों में अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान होने के बावजूद इन्हें अब तक नौकरी नहीं दी गई है।

पुरानी सरकारों पर भी सवाल

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन भाजपा के पूर्व शासनकाल में भी शुरू हुआ था। उस समय भी आश्वासन दिया गया, लेकिन परिणाम कुछ नहीं निकला। कांग्रेस शासन में भी हालात नहीं बदले। तब महिलाओं ने सामूहिक मुंडन कराकर और अर्थी सजाकर विरोध जताया था।

अब भी जारी है संघर्ष

अब भाजपा की सरकार बनने के 2 साल बाद भी स्थिति जस की तस है। दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की महिलाएं और परिजन आज भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।

कांग्रेस बोली- राम भरोसे चल रही सरकार

कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने इस मामले पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असंवेदनशीलता है कि विधवा महिलाएं लंबे समय से हड़ताल पर हैं। कल ही इन महिलाओं ने सरकार को चेतावनी दी थी की हमारी मांगे नहीं मानी गई तो हम घातक कदम उठाएंगे। इसके बाद भी सरकार का खुफिया तंत्र पूरी तरह से फैलियर साबित हुआ।

भाजपा बोली- लोगों को भड़काया जा रहा है

इस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि डिप्टी सीएम के घर के बाहर हुई घटना दुर्भाग्यजनक है। इसके पीछे कौन लोग है। किसने उकसाया है। इसकी जांच की आवश्यकता है। यूनियन की अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। आने वाले समय में रोजगार को लेकर सहमति बनी है।

…………………………….

छत्तीसगढ़ की ये खबर भी पढ़ें…

लोन रिकवरी में मकान सील,महिला ने तहसील में पिया जहर: पति ने लिया था 50 लाख लोन, घर पर लगा ताला; बेटी बोली-कहीं नहीं हुई सुनवाई

धमतरी में महिला ने तहसील कार्यालय में जहर खा लिया था।

फाइनेंस कंपनी ने 50 लाख होम लोन की रिकवरी के लिए मकान पर ताला लगाया तो महिला ने सदमे में आकर तहसील कार्यालय में जहर खा लिया। इस महिला को तुरंत तहसीलदार अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। पढ़ें पूरी खबर


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button