सरगुजा के घटोन तक बनी सड़क, बाइक से पहुंचे कलेक्टर: पक्की सड़क के लिए भी बजट में स्वीकृति, शव को लेकर पैदल चले थे ग्रामीण – Ambikapur (Surguja) News
मिट्टी काटकर बनाई गई अस्थाई सड़क
सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक में पटकुरा से घटोन तक की पांच किलोमीटर सड़क को फिर से चलने लायक बना दिया गया है। मंगलवार को कलेक्टर बाइक चलाकर घटोन तक पहुंचे और चौपाल लगाई। छह माह पूर्व एक छात्र की मौत हो जाने के बाद ग्रामीण शव को लेकर 7 किलोमीटर पैदल चले
.
सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत आने वाले घटोन तक पहुंचने के लिए वनमार्ग को काटकर फिर से चलने लायक बना दिया गया है। इसके लिए कुछ राशि जनपद से एवं कुछ राशि कलेक्टर सरगुजा ने उपलब्ध कराई है।
छह माह पूर्व यहां एक छात्र के शव को लेकर पैदल ग्रामीणों ने 7 किलोमीटर का सफर तय किया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर विलास भोस्कर यहां पैदल पहुंचे थे और सड़क बनाने का निर्देश दिया था।
कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ लगाई चौपाल
बाइक से पहुंचे कलेक्टर व अधिकारी कलेक्टर विलास भोसकर के साथ जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल एवं अधिकारी गांव तक बाइक चलाकर पहुंचे। कलेक्टर ने यहां चौपाल लगाई। ग्रामीणों ने गांव में पीडीएस दुकान खोलने, आंगनबाड़ी में टाइल्स लगाने, बच्चों के खेलने के लिए बालवाड़ी, कुएं में मोटर लगाने, बिजली खंभे, पाइपलाइन एवं हाथी प्रभावित क्षेत्र में लाइट लगाने की मांग रखी।
कलेक्टर ने सभी व्यवस्था के निर्देश अधिकारियों को दिया। इस दौरान एसडीएम बन सिंह नेताम, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अतुल परिहार, जनपद सीईओ वेद प्रकाश पांडेय व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क के लिए 7 करोड़ की मंजूरी लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने बताया कि पटकुरा से घटोन तक पांच किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 7 करोड़ की स्वीकृति बजट में मिल गई है। फारेस्ट क्लीयरेंस का पार्ट बचा है। इस्टीमेट बनाया जा रहा है। जल्द ही गांव तक पक्की सड़क बन जाने की उम्मीद है। इसके बाद ग्रामीणों की समस्या हमेशा के लिए सुलझ जाएगी। अभी बनाई गई कच्ची सड़क बारिश में बह जाती है।
इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए…
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जहां खाट पर शव लेकर परिजन 7 किमी पैदल चले, वहां अब पक्की सड़क बनेगी। दैनिक भास्कर ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था। अब लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि, सड़क के लिए 7 करोड़ मंजूरी मिली हुई है।
Source link











