दिवाली पर मिठाइयों की जांच, रिपोर्ट 2 महीने बाद आएगी: बिलासपुर में 18 दुकानों से खोवा-छेने के सैंपल लिए गए; त्योहार के बाद पता चलेगा मानक-अमानक – Bilaspur (Chhattisgarh) News
मिलावटी मिठाई की आशंका से कर रहे जांच।
बिलासपुर में दिवाली त्योहार के ठीक पहले फूड सेफ्टी अफसरों ने 18 से अधिक मिठाई दुकानों में दबिश दी। इस दौरान खोवा, छेने सहित गोंद लड्डू, काला जामुन के सैंपल लिए गए।
.
विभाग ने अब तक डेढ़ दर्जन दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर भेजा है, जिसकी रिपोर्ट त्योहार के दो महीने बाद आएगी। ऐसे में लोगों को यह पता नहीं चलेगा कि वे जो मिठाई खा रहे हैं वह मानक है अमानक।
मिठाई दुकानों के साथ ही फैक्ट्रियों में पहुंची टीम।
अलग-अलग मिठाई दुकानों से सैंपल लिए
त्योहारी सीजन में मिलावटी या गुणवत्ताहीन मिठाइयों की जांच करने जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मिठाई दुकानों में पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और अंकित गुप्ता के नेतृत्व में तखतपुर स्थित मेसर्स हरिओम स्वीट्स से बुंदी लड्डू और काजू बर्फी,
शहर में सत्यम स्वीट्स से रोल बर्फी, महेश स्वीट्स तारबाहर से काला जामुन, बेकर्स फर्म तारबाहर से मथुरा पेड़ा और दिल्ली स्वीट्स रिंग रोड से गोंद लड्डू के नमूने लिए गए।
इसके अलावा मनोज स्वीट्स मुंगेली नाका, महामाया स्वीट्स मुंगेली नाका सहित अन्य प्रतिष्ठानों से सैंपलों को परीक्षण और विश्लेषण के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
जांच के दौरान टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, भंडारण की स्थिति और मिठाइयों की गुणवत्ता की भी बारीकी से पड़ताल की। अफसरों ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद यदि सैंपलों में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम विनियम 2011 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन की मदद से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी मौके पर जाकर खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।
सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा रायपुर।
केवल खानापूर्ति बन गई कार्रवाई
त्योहारी सीजन में खोवा, दूध, मिठाई और तेल जैसे सामग्रियों के सेंपल लिए जाते हैं, लेकिन रिपोर्ट आने तक उपभोग हो चुका होता है। कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
त्योहारी सीजन में दिखावे की जांच
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी भी देखी जा रही है। गोलबाजार के एक मिठाई व्यापारी ने कहा कि खाद्य विभाग हर साल दीपावली से 7-8 दिन पहले जागता है।
मिठाइयां बनने का काम दो हफ्ते पहले ही चालू हो जाता है। अगर, गोदामों पर समय पर छापा मारा जाए, तो नकली मिठाइयां बाजार तक नहीं पहुंचती। अफसर केवल व्यापारियों को परेशान करने के लिए इस तरह की जांच करते हैं।
<










