बलरामपुर में चोरी की बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार: तीन नाबालिग बाल न्यायालय में पेश, पहचान छिपाने के लिए बाइक के पार्ट्स तोड़कर फेंके – Balrampur (Ramanujganj) News
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थाना पुलिस ने शादी समारोह से चोरी हुई बाइक का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी चिन्हित कर बाल न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, ग्राम उफिया निवासी संतोष राम तिग्गा ने 11 मई को पस्ता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने आए थे और अपनी हीरो ग्लैमर (CG 15 CV 3711) बाइक घर के आंगन में खड़ी की थी। अगले दिन सुबह बाइक गायब मिली। मुखबिर की सूचना से मिला सुराग जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खटवाबरदर निवासी अनिवेश नाग (19) के पास चोरी की बाइक है। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने तीन साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार कर लिया। बिना लॉक की बाइक देखकर बनाई योजना आरोपी ने बताया कि 11 मई की रात चारों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में दूसरे शादी समारोह में कई बाइक खड़ी देखीं। उनमें से बिना लॉक लगी हीरो ग्लैमर बाइक को अपनी चाबी से स्टार्ट कर चोरी कर लिया और वहां से फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए तोड़े बाइक के पार्ट्स पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए सिंयासरई जंगल के पास बाइक की बैक लाइट, मडगार्ड और वाइजर तोड़कर फेंक दिए। इसके बाद अनिवेश बाइक को अपने घर ले गया और परिजनों से कहा कि वह इसे दोस्त से मांगकर लाया है। बाइक बरामद, आरोपी जेल भेजा पुलिस ने अनिवेश नाग के घर से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल तीनों विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
<












