साढ़े 18 हजार पर साइन, खाते में सिर्फ 13 हजार: सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड बोले- हो रहा वेतन घोटाला, श्रम आयुक्त से शिकायत – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) की सुरक्षा का काम देख रही इगल हंटर सॉल्यूशंस लिमिटेड कंपनी पर गार्डों के वेतन भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। आरोप है कि कंपनी सरकार के नियमों के अनुसार 18,593 रुपए वेतन दिखाकर गार्डों से कागजों पर हस्ताक्षर करवा लेती है, लेकिन उनके बैंक खातों में केवल 13,000 रुपए ही जमा किए जा रहे हैं। इस मामले की शिकायत क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय में की गई है। 18,593 रुपए वेतन दिखाकर कम भुगतान का आरोप गार्डों के अनुसार, विश्वविद्यालय में कंपनी के जरिए 180 से ज्यादा सुरक्षा गार्ड और अधिकारी काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि 26 दिन की ड्यूटी के बदले कागजों में उन्हें 18,593 रुपए वेतन दिखाया जाता है, लेकिन उनके खाते में करीब 5,593 रुपये कम पैसे दिए जा रहे हैं। इसे श्रमिकों के अधिकारों और न्यूनतम मजदूरी नियमों का उल्लंघन बताया जा रहा है। इस मामले की शिकायत क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय में की गई है। शिकायत में वेतन संहिता-2019 और न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। साथ ही वेतन रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर, बैंक भुगतान रिकॉर्ड और बिलों की जांच कर पूरे मामले की जांच करने की मांग की गई है। कंपनी ने कहा- सभी कटौतियां नियम अनुसार इगल हंटर सॉल्यूशंस लिमिटेड के सुपरवाइजर अखिलेश सिंह ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों के वेतन से करीब 3,600 रुपए पीएफ और 500 रुपए ईएसआईसी के रूप में कटौती की जाती है। इसके अलावा कंपनी के संचालन से जुड़े कुछ वैधानिक खर्च भी इसमें शामिल होते हैं। उनका कहना है कि सभी कटौतियां नियमों के अनुसार की जा रही हैं और किसी तरह की गड़बड़ी नहीं है। शिकायत मिलने पर कंपनी को जारी होगा शोकॉज नोटिस यूनिवर्सिटी के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार पूरा भुगतान यूनिवर्सिटी की तरफ से किया जाता है। उन्होंने बताया कि कंपनी सुरक्षा गार्डों और अधिकारियों को कितना वेतन दे रही है, इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी को नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी शिकायत मिलने पर कंपनी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया था। अगर आगे भी शिकायत आती है तो फिर से कार्रवाई करते हुए शोकॉज जारी किया जाएगा।
<












