आत्मानंद स्कूलों के शिक्षकों का सांकेतिक धरना, सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम
1 अगस्त से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जशपुर :- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों ने आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पास जिला स्तरीय सांकेतिक धरना देकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक संघ के नेतृत्व में किया गया।
धरने में शामिल शिक्षकों ने अपनी दो प्रमुख मांगों – नियमित वेतनमान निर्धारण एवं वेतन वृद्धि और शिक्षा विभाग में संविलियन एवं नियमितीकरण – को लेकर बैनर और पोस्टरों के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने बताया कि प्रदर्शन के लिए रविवार का दिन इसलिए चुना गया ताकि छात्रों की पढ़ाई पर असर न पड़े। उन्होंने कहा,
“हम शिक्षक हैं, बच्चों की शिक्षा हमारी प्राथमिकता है, लेकिन वर्षों की सेवा के बाद भी स्थायित्व और सम्मानजनक वेतन नहीं मिल रहा। अगर सरकार ने हमारी मांगों की अनदेखी की तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना ही पड़ेगा।”
संघ ने साफ शब्दों में सरकार को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 1 अगस्त से पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय व्यापक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन शिक्षकों की नाराजगी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि “समान कार्य के लिए समान वेतन” उनका अधिकार है और जब तक उन्हें शिक्षा विभाग में स्थायित्व नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अब देखना यह होगा कि शिक्षकों की इस चेतावनी के बाद सरकार क्या रुख अपनाती है।
📍 रिपोर्ट: सच आप तक न्यूज़ | जशपुर ब्यूरो
🌐 www.sachaaptak.co.in
📞 संपर्क: 9303442441
📧 ईमेल: sanjeetjashpur@gmail.com











