दल्ली में सेन जयंती 14 को मनेगी विधायक रिकेश सेन शामिल होंगे – Balod News
भास्कर न्यूज |बालोद सेन समाज के आराध्य संत शिरोमणि सेन महाराज की जयंती पर 14 अप्रैल को दल्लीराजहरा में समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला सेन समाज के मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। वैशाली नगर के लोकप्रिय विधायक रिकेश सेन को उनकी सरलता, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाजहित में निरंतर सक्रियता के लिए विशेष पहचान प्राप्त है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और युवाओं के मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनके प्रयास सराहनीय रहे हैं। उन्होंने सेन समाज को संगठित और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशाल जिला स्तरीय सामाजिक सम्मेलन में समाज के प्रतिभावान और उत्कृष्ट व्यक्तियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और परंपराओं का प्रदर्शन होगा। इस आयोजन में जिले के सभी महिला प्रकोष्ठ, पदाधिकारी, ब्लॉक और इकाई अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी, जिससे समाज की शक्ति और एकता स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। यह कार्यक्रम प्रांत अध्यक्ष पुनीत सेन के मार्गदर्शन और जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। सभी ब्लॉक और इकाई अध्यक्षों का सक्रिय सहयोग इसे भव्य बनाने में सहायक होगा।
<











