6000 करोड़ के महादेव सट्टेबाजी ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में धराया, इंटरपोल नोटिस ने किया काम
इस मामले में दायर अपनी एक चार्जशीट में ED ने दावा किया है कि महादेव सट्टेबाजी का साम्राज्य अलग-अलग शहरों में कम से कम 3,200 पैनल चला रहा था, जिससे हर दिन लगभग 240 करोड़ रुपए की काली कमाई हो रही थी।
छत्तीसगढ़ में हुए 6,000 करोड़ रुपए के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है, प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरभ को अरब देश ओमान में हिरासत में ले लिया गया है। प्राप्त जानकारी के आधार पर उसे भारतीय एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया है, हालांकि एजेंसियां औपचारिक चैनलों के जरिए उसकी गिरफ्तारी की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही हैं। नाम न बताने की शर्त पर अधिकारियों ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की आखिरी लोकेशन UAE में थी, और भारतीय एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल नोटिस के आधार पर उसे रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिसके बाद अब उसके प्रत्यर्पण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़ा चंद्राकर दक्षिण-पूर्व एशियाई देश से हासिल किए गए नकली पासपोर्ट पर ओमान की यात्रा कर रहा था। इस मामले की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इसके लिए राजधानी मस्कट को एक्स्ट्राडिशन का अनुरोध भेजा जा रहा है।
क्या भारत और ओमान के बीच है प्रत्यर्पण संधि?
ओमान में हिरासत में लेने के बाद उसको भारत लाए जाने की संभावना काफी बढ़ गई है। दरअसल भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि है, ऐसे में भारतीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि लगभग 7 साल से वांटेड चंद्राकर को वापस भारत लाने में दिक्कतें नहीं आएंगी। इससे पहले UAE में रहने के दौरान साल 2024 में भी उसे दुबई में हिरासत में लिया गया था लेकिन तब उसके प्रत्यर्पण की कोशिशें नाकाम हो गई थीं, और उसे बाद में रिहा कर दिया गया था।
UAE में पकड़ाने के बाद वहां से गायब हो गया था सौरभ
उस वक्त इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर अक्टूबर 2024 में UAE के अधिकारियों ने सौरभ चंद्राकर को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था और नजरबंद (हाउस अरेस्ट) करके रखा था। जिसके बाद भारत सरकार ने उसी महीने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा था, जिसे पूरा नहीं किया गया और वह निष्प्रभावी हो गया। प्रत्यर्पण की यह कार्यवाही बंद होने के बाद रवि उप्पल UAE से गायब हो गया था और अब ओमान में धरा गया है।
2019 से महादेव मामले में वांटेड है सौरभ चंद्राकर
सौरभ चंद्राकर ने सह-संस्थापक रवि उप्पल ने मिलकर 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के महादेव सट्टेबाजी ऐप का साम्राज्य खड़ा किया था। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों साल 2019 में दुबई भाग गए थे और बताया जाता है कि उनका नेटवर्क अभी भी वहां से सट्टेबाजी ऐप और वेबसाइट चलाता है।
हर दिन हो रही थी 240 करोड़ की काली कमाई
ED ने इस मामले में दायर अपनी एक चार्जशीट में दावा किया है कि सट्टेबाजी का साम्राज्य अलग-अलग शहरों में कम से कम 3,200 (सट्टेबाजी) पैनल चला रहा था, जिससे हर दिन लगभग 240 करोड़ रुपए की काली कमाई हो रही थी। यहां तक कि चंद्राकर और उप्पल ने अपने 3,500 कर्मचारियों के रहने के लिए दुबई में 20 विला किराए पर लिए थे।
अब भी चल रहा है अवैध सट्टेबाजी का काम
बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और छत्तीसगढ़ पुलिस भी रायपुर में कई सरकारी कर्मचारियों के साथ महादेव के संस्थापकों की जांच कर रही हैं। महादेव से जुड़े कई प्लेटफॉर्म और ऐप पर सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाने के बावजूद पूरे भारत में चल रहे अवैध सट्टेबाजी के काम से लोगों को पोकर और अन्य ताश के खेल, किस्मत पर आधारित खेल, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस और फुटबॉल मैचों और यहां तक कि चुनाव के नतीजों पर भी अवैध सट्टा लगाने की सुविधा मिलती है।
<









