धमतरी में लूट की कोशिश नाकाम, युवक घायल: पैसे-मोबाइल न देने पर पीठ पर चाकू से 2 वार, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल – Dhamtari News
धमतरी जिले के भटगांव रोड पर लूटपाट की कोशिश के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पैसे और मोबाइल नहीं देने पर अज्ञात युवकों ने उसकी पिटाई की और पीठ पर चाकू से दो वार कर फरार हो गए। घायल युवक को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छोटू सोनी किसी निजी काम से बेलतरा की ओर जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक की हेडलाइट खराब हो गई, जिसके कारण वह कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुका।इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उससे पैसे और मोबाइल की मांग करने लगे। विरोध करने पर किया चाकू से हमला छोटू सोनी के इनकार करने पर आरोपियों ने जबरन उसकी जेब टटोलने की कोशिश की और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पीठ के निचले हिस्से में चाकू से दो वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घायल युवक को देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
<













