धमतरी में दो विशालकाय सांपों का रेस्क्यू: किचन से 8 फीट धामन, मोहल्ले से 10 फीट अजगर पकड़ा गया – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो अलग-अलग स्थानों से सांपों का रेस्क्यू किया गया। इनमें एक 8 फीट लंबा धामन सांप और एक 10 फीट लंबा अजगर शामिल है। सर्पमित्रों ने इन सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। बारिश के बाद मौसम खुलने और उमस भरी गर्मी के कारण जीव-जंतु अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। इसी क्रम में धमतरी में ये दोनों रेस्क्यू किए गए। पहला मामला धमतरी शहर के हटकेश्वर वार्ड से सामने आया। यहां एक मकान के किचन में 8 फीट लंबा धामन सांप घुस गया था। गृहणी ने सांप को देखकर परिजनों को सूचना दी, जिन्होंने तत्काल सर्पमित्र को बुलाया। सर्पमित्र ने मात्र 12 सेकंड में सांप को रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान धामन सांप ने सर्पमित्र पर हमला करने का प्रयास भी किया, लेकिन सर्पमित्र ने उसे सुरक्षित बोरी में डालकर जंगल में छोड़ दिया। दूसरा मामला धमतरी क्षेत्र के रुद्री इलाके के ग्राम मुड़पार का है। यहां गांव के मोहल्ले में एक 10 फीट लंबा अजगर देखा गया। सर्पमित्र ने अजगर का रेस्क्यू किया। इस दौरान अजगर ने सर्पमित्र के हाथ को जकड़ लिया था, लेकिन सर्पमित्र ने उसे छुड़ाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
<












