30 उद्योगों में बंद कराया गया उत्पादन,28.92 लाख का जुर्माना: प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर पर्यावरण विभाग की कार्रवाई – Raipur News
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। लगातार निगरानी और निरीक्षण के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 30 उद्योगों का उत्पादन बंद कराया गया है, वहीं 13 उद्योगों पर कुल 28 लाख 92 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। मंडल की ओर से जनवरी 2026 से अब तक जल और वायु प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 23 उद्योगों को नोटिस जारी किया गया। इनमें उरला और सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के स्पंज आयरन प्लांट प्रमुख रूप से शामिल हैं। वासवानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, शिल्फी स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड और एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड जैसे उद्योगों को नियमों के उल्लंघन पर नोटिस दिया गया। वहीं सारडा एनर्जी मिनरल्स लिमिटेड को बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंपिंग के मामले में नोटिस जारी किया गया। मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस के बाद भी कई उद्योगों ने सुधार नहीं किया और बिना अनुमति संचालन जारी रखा। शिकायतों में भी प्रदूषण की पुष्टि होने पर ऐसे उद्योगों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उत्पादन बंद कराने के साथ बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए। अधिकारियों ने साफ किया है कि जब तक संबंधित उद्योग पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक शर्तों का पूरी तरह पालन नहीं करेंगे, उन्हें दोबारा संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। मंडल ने उद्योगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों की अनदेखी पर आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। मंडल ने सभी औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें और तय मानकों का पालन करें, ताकि आम लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को रोका जा सके।
<












