विज्ञापन दें / सहयोग करें

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पैंगोलिन शिकार: बीजापुर में 3 आरोपी गिरफ्तार; बाघ के बाद वन्यजीव तस्करों की दूसरी बड़ी घुसपैठ – Bijapur News



बीजापुर में इंद्रावती टाइगर रिजर्व और वनमंडल की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पैंगोलिन के शिकार और तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भोपालपटनम क्षेत्र के सैंड्रापारा में की गई। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव अपराध के खिलाफ यह कुछ ही दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले वन विभाग ने बाघ की खाल के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से वन्यजीव तस्करी के सक्रिय नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। दुर्गम इलाकों का उठाते हैं फायदा इंद्रावती टाइगर रिजर्व का बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र सीमा से लगा हुआ है। घने जंगल, दुर्गम रास्ते और नदी-नालों के कारण कई क्षेत्रों में निगरानी और गश्त करना चुनौतीपूर्ण रहता है। बारिश के दौरान हालात और कठिन हो जाते हैं। बारिश में बढ़ जाती है घुसपैठ बारिश के मौसम में नदी-नालों में पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने से अंदरूनी क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण प्रभावित होता है। इसी का फायदा उठाकर शिकारी और तस्कर जंगल में घुसपैठ करते हैं। उनकी नजर बाघ, हिरण और पैंगोलिन जैसे संरक्षित वन्यजीवों पर रहती है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक संदीप बलगा ने बताया कि पैंगोलिन तस्करी मामले में कार्रवाई जारी है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीजापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button