विज्ञापन दें / सहयोग करें

धान रोपाई तेज, मजदूरों की कमी और बढ़ी लागत से किसान परेशान – kabirdham News


छत्तीसगढ़ के धान का कटोरा कहे जाने वाले कसडोल विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ सीजन की गतिविधियां चरम पर हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच अधिकांश किसानों ने खेतों की जुताई, मड़ाई और धान की बुवाई पूरी कर ली है, जबकि अब खेतों में धान की रोपाई का काम तेजी से चल रही है। हालांकि इस बार किसानों के सामने मजदूरों की कमी और बढ़ती लागत सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। रोपाई के मौसम में पर्याप्त मजदूर नहीं मिलने से कई किसानों को ठेके पर रोपाई करानी पड़ रही है। इस वर्ष रोपाई का ठेका 8 से 9 हजार रुपए प्रति एकड़ तक पहुंच गया है। वहीं दैनिक मजदूरी पर काम कराने वाले किसानों को प्रति मजदूर करीब 220 रुपए प्रतिदिन खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे खेती की लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। लगातार और सामान्य से अधिक बारिश ने भी किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई खेतों में जलभराव और अत्यधिक नमी के कारण धान का बीज ठीक से अंकुरित नहीं हो सका, जिससे किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ी। अतिरिक्त बुवाई और बढ़े हुए श्रम खर्च ने प्रति एकड़ लागत को और बढ़ा दिया है। इस वर्ष अधिक बारिश के कारण खुर्रा बुवाई का रकबा घटा है, जबकि लैईहा बुवाई का क्षेत्र बढ़ा है। जुताई और मड़ाई का कार्य अपेक्षाकृत सुचारु रहा, लेकिन रोपाई की बढ़ी लागत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बढ़ते खर्च और मजदूरों की कमी के कारण कई किसानों ने इस बार पहले की तुलना में कम रकबे में धान की रोपाई की है। कुछ किसान खेत का हिस्सा खाली छोड़ने को भी मजबूर हैं। इसके बावजूद किसानों को उम्मीद है कि यदि आगे मानसून अनुकूल रहा और समय पर बारिश होती रही तो फसल अच्छी होने की संभावना बनी रहेगी।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button