तुमगांव ओवरब्रिज चौक का नाम अब मां कर्मा चौक, पालिका का फैसला
भास्कर न्यूज| महासमुंद जिला साहू संघ महासमुंद की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। नगर के तुमगांव पहुंच ओवरब्रिज प्रारंभिक चौक को अब औपचारिक रूप से मां कर्मा चौक के नाम से जाना जाएगा। नगर पालिका परिषद महासमुंद ने यह घोषणा की। इसके बाद जिला साहू संघ ने खुशी जताई। नगर पालिका अध्यक्ष निखिल मनोजकांत साहू को पुष्पगुच्छ भेंट किया। अभिनंदन किया। आभार जताया। जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष प्रो. ढालूराम साहू ने पहले नगर पालिका परिषद को मांग पत्र सौंपा था। उन्होंने चौक के नामकरण का आग्रह किया था। निर्णय के बाद उन्होंने कहा कि मां कर्मा सेवा, समरसता, त्याग की प्रतीक हैं। नगर के प्रमुख चौक का नाम उनके नाम पर रखा जाना समाज के लिए गौरव की बात है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिल मनोजकांत साहू ने कहा कि नगरवासियों की जनभावनाओं, सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चौक का सौंदर्यीकरण होगा। जरूरी विकास कार्य होंगे। इसे प्राथमिकता से कराया जाएगा। ताकि यह स्थल शहर की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बन सके। मौके पर जिला साहू संघ के महामंत्री द्वय नंदकुमार साहू, डॉ. तरुण साहू, केवल साहू, अशोक साहू, नवीन कुमार साव मौजूद रहे।











