Korba: मां के करैक्टर पर शक कर रहा था पिता, गुस्से में बेटे ने कर दी हत्या, पुलिस ने हिरासत में लिया
Korba Crime: छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिल दहलाने वाली घटना हुई है, जहां मां के करैक्टर पर शक करने और उसके साथ झगड़ा करने पर एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की ही हत्या कर दी। इस घटना के बाद आरोपी नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
By Mohan Kumar
Publish Date: Sun, 10 Aug 2025 08:03:51 PM (IST)
Updated Date: Sun, 10 Aug 2025 08:04:55 PM (IST)
HighLights
- पिता की नाबालिग पुत्र ने फावड़ा मार कर हत्या कर दी
- सिर एवं चेहरे में गंभीर रूप से चोट लगने से धनीराम की मौत
- पुलिस ने किशोर को न्याय बोर्ड में पेश किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। मां के चरित्र पर संदेह कर विवाद एवं झगड़ा करने वाले पिता की नाराज नाबालिग पुत्र ने फावड़ा मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना करतला थाना अंतर्गत करतला के प्रधानपारा की है।
पुलिस ने बताया कि धनीराम यादव 40 साल रोजी-मजदूरी का काम करता था। घर पर उसकी पत्नी एवं बच्चे हैं। धनीराम अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसकी वजह से दोनों के मध्य विवाद एवं झगड़ा हुआ करता था।
अकसर अपनी पत्नी संग झगड़ा करता था धनीराम
शनिवार को धनीराम पुन: शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर झगड़ा करने लगा। इस दौरान उसने खाना बाहर फेंक दिया। इस पर उसके 16 वर्षीय पुत्र ने टोकते हुए विरोध जताया, तब नशे में धुत्त धनीराम फावड़ा लेकर उसे मारने दौड़ा। इससे नाराज पुत्र ने उसके हाथ से किसी तरह फावड़ा छीन लिया और गुस्से में उसने अपने पिता पर फावड़ा से हमला कर दिया। सिर एवं चेहरे में गंभीर रुप से चोट लगने से पर धनीराम की स्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल
जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। इस बीच सूचना मिलने पर करतला पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई के साथ ही जांच पड़ताल शुरू की। लगभग चार घंटे बाद पता चला कि पुत्र ने ही अपने पिता की फावड़ा से मार कर हत्या की है। पुलिस ने आरोपित पुत्र को हिरासत में लिया। वैधानिक कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोर न्याय बोर्ड में पेश हुआ नाबालिग
पुलिस ने नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। इस मामले में प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि चरित्र शंका को लेकर पति धनीराम, अपनी पत्नी से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी दोनों में झगड़ा हुआ था। खाना फेंकने पर बेटे ने विरोध किया, तो वह उसे मारने के दौड़ा। लेकिन फावड़ा छीनकर बेटे ने ही पिता को मार दिया।
Source link










