विज्ञापन दें / सहयोग करें

रायपुर से एक साल के बच्चे का अपहरण, 280 किमी दूर उमरेठ से आरोपी गिरफ्तार, बच्चा सुरक्षित

राजधानी रायपुर में 22 सितंबर की शाम करीब 4.15 बजे भारती ध्रुव (25) और उनके पति धर्मेंद्र ध्रुव (27) घबराए हुए गुढ़ियारी थाने पहुंचे। दोनों पसीने से तरबतर थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका एक साल का बेटा पृथ्वी कई घंटों से गायब है। मोहल्ले का पवन साहू (23) उसे दोपहर 2 बजे उठाकर ले गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। बच्चे की फोटो और आरोपी की जानकारी लेकर तत्काल तीन टीमें बनाई गईं। आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कराई गई। रात करीब 8 बजे तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद एक टीम को कुम्हारी टोल प्लाजा भेजा गया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दोपहर करीब 3.30 बजे पवन बच्चे को बाइक के आगे बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। यहीं से पहली दिशा मिली। इसके बाद राजनांदगांव से नागपुर तक रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय पुलिस से लगातार संपर्क किया गया।

फुटेज से पता चला कि पवन बाइक से राजनांदगांव की ओर बढ़ा है। इसके बाद नागपुर की ओर निकल गया। रास्ते में वह बच्चे को खाना-पीना देता रहा। बच्चा रोया तो उसके लिए दूध भी खरीदा। दुर्ग तक बच्चे को बाइक के आगे बैठाकर ले गया था। इसके बाद उसने बच्चे को अपने पेट से कपड़े से बांध लिया और बाइक तेज रफ्तार से चलाने लगा।

पुलिस की दो टीमें सड़क मार्ग से आरोपी के पीछे भेजी गईं। रास्ते में सीसीटीवी फुटेज लगातार चेक किए जाते रहे। रात करीब 11 बजे पवन नागपुर के उमरेठ पहुंचा। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपने कब्जे में लिया। तड़के बच्चे को सुरक्षित रायपुर लाया गया। आरोपी पवन को भी पुलिस रायपुर लेकर आई।

रास्ते में पवन ने अपने कुछ साथियों से संपर्क किया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और फुटेज को आपस में जोड़कर ही उसकी लोकेशन का पता लगाया। बच्चा पवन को पहचानता था, इसलिए ज्यादा परेशान नहीं हुआ।

जांच में सामने आया कि पवन और बच्चे की मां भारती की पिछले करीब एक साल से पहचान थी। अगस्त में भारती पवन के साथ नागपुर गई थी और करीब 20 दिन वहां रही थी। पुलिस ने तब अपहरण का केस दर्ज कर भारती और बच्चे को वापस रायपुर लाया था। भारती ने अपनी मर्जी से पवन के साथ जाने की बात कही थी, इसलिए उस समय पवन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक इसी वजह से बच्चा पवन को पहचानता था और उसके साथ ज्यादा परेशान नहीं हुआ।

पुलिस का दावा है कि पवन भारती से प्रेम करता था और शादी के लिए उस पर दबाव बना रहा था। भारती के साथ जाने से इनकार करने पर उसने बच्चे को अपने साथ ले जाकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश की। भारती और धर्मेंद्र की पांच साल पहले शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा चार साल और छोटा बेटा एक साल का है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button