300 से ज्यादा होटलों में ठगी करने वाला जॉन गिरफ्तार: वेटर की नौकरी का पैसा नहीं मिला तो बना ठग; चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित – Raipur News
देशभर के 5 सितारा होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने गुरुवार को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश के 10 से ज्यादा राज्यों के करीब 300 होटलों में ठगी और चोरी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती दिनों में बिंगसन जॉन (69) एक होटल में वेटर के रूप में काम करता था। मेहनताना नहीं मिलने के बाद उसने अपराध की राह पकड़ ली। इसके बाद वह फर्जी पहचान के सहारे देशभर के महंगे होटलों में ठहरता और ठगी, चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। जानिए पूरा मामला मामला तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से भाग गया। उसने होटल का 63,755 रुपए का बिल भी नहीं चुकाया। इतना ही नहीं उसने अपनी मांग पर किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपए का लैपटॉप भी साथ ले गया। बाद में होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई। इससे आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और घटना के महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। 300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों को बना चुका है निशाना पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साल 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदात कर चुका है। पुलिस के अनुसार वह पहली बार साल 1996 में तिहाड़ जेल गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। इसी वजह से उसने लोगों को धोखा देने के नए-नए तरीके अपनाए। आरोपी खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करता और फिर बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था। तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी बिंगसन जॉन मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह अब तक देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है। रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अब पुलिस दूसरे राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी जुटा रही है। ………………… क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में HPCL मैनेजर से 33 लाख की ठगी: टेलीग्राम में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर फंसाया, अकाउंट में ट्रांसफर कराए पैसे रायपुर में HPCL के मैनेजर से 33 लाख की ठगी हुई है। ठग ने टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। मैनेजर ने एक महीने में 33 लाख 49 हजार रुपए ठगों को ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पढ़ें पूरी खबर…
<













