जशपुर: ऑपरेशन शंखनाद को जनसहयोग से मिल रही बड़ी सफलता, गौ-तस्करी के दो मामलों में 15 गौ-वंशों की सकुशल बचाव
जशपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार प्रभावशाली साबित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जिले में गौ-तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है, जिसमें अब तक 900 से अधिक गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया जा चुका है, वहीं 123 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने अब तक लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के 46 वाहनों को भी जब्त किया है।
जनसहयोग बना पुलिस की ताकत
जिले की आम जनता द्वारा दिए जा रहे सक्रिय सहयोग से पुलिस को त्वरित सूचना मिलने और कार्यवाही करने में मदद मिल रही है। तस्करों की गतिविधियों पर अब ग्रामीण भी सतर्क हैं। पहले जहाँ गौ-तस्करी बड़े ट्रकों या पिकअप वाहनों से की जाती थी, अब तस्कर चारपहिया वाहनों या पैदल रास्तों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उनके मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं।
पहला मामला: स्कार्पियो वाहन से गौ-तस्करी का प्रयास विफल
मंगलवार की प्रातः जशपुर थाना क्षेत्र के बालाछापर रिसोर्ट के पास एक पुराने स्कार्पियो वाहन से झारखंड गौ-तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई की। पीछा करने पर स्कार्पियो का पहिया फट गया और चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन से 4 नग गौ-वंश गंभीर अवस्था में बरामद किए। इस मामले में थाना जशपुर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस कार्यवाही में स.उ.नि. जयसिंह मिर्रे, आर. शोभनाथ सिंह, राजकेष्वर राम एवं अनिल राम शामिल रहे।
दूसरा मामला: पैदल गौ-तस्करी पर भी पुलिस की पैनी नजर
बीते 03 जून की शाम, मनोरा चौकी को सूचना मिली कि ग्राम खरसोता के लावा नदी मार्ग से दो व्यक्ति 11 नग गौ-वंश को पैदल झारखंड ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने सभी 11 गौ-वंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में चौकी मनोरा में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। कार्रवाई में स.उ.नि. बालकृष्ण भगत, प्र.आर. बितिन राम, एडवर्ड जेम्स और आर. रोष कुमार पैंकरा की अहम भूमिका रही।
एसपी की अपील: “गौ-तस्करी की सूचना तुरंत दें”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में कुल 15 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। आरोपी फरार हैं, जिनकी सघन पतासाजी की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि गौ-तस्करी की किसी भी सूचना को तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, जिससे ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।










